कर्नाटक में नई बनी सरकार के मंत्री चर्चा में हैं। मंत्री लाखों रुपये के फोन तोहफे में बांट रहे हैं। सरकार में जल संसाधन मंत्री और कर्नाटक में कांग्रेस के 'चाणक्य' माने जाने वाले डीके शिवकुमार ने मंगलवार को दिल्ली में कावेरी मुद्दे पर एक बैठक के दौरान 38 सांसदों को एक लाख रुपये के आईफोन गिफ्ट में दिए। 26 लोकसभा सांसदों और 12 राज्यसभा सदस्यों को यह फोन दिये गये। सांसदों में बीएस येदियुरप्पा और बी श्रीरामुलु शामिल नहीं थे। इन्हें उपहार में 256 जीबी आईफोन एक्स दिये गये। यही नहीं सांसदों को 5 हजार रुपये कीमत का लेदर बैग भी दिया गया। हालांकि भाजपा के 18 सांसदों ने यह सब लेने से मना कर दिया।
भाजपा ने इस पर तंज भी कसा है। भाजपा सांसद राजीव चंद्रशेखर ने ट्वीट करके कहा कि सीएम एचडी कुमारस्वामी आपने सांसदों को कावेरी मुद्दे पर बात करने के लिए बुलाया इसके लिए धन्यवाद। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि लेकिन ऐसे महंगे गिफ्ट सांसदों को क्यों दिए जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि राज्य में कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जा रहा है और आप जनता के पैसों से महंगे तोहफे दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं इन्हें आपको वापस कर रहा हूं।
वहीं, मंत्री शिवकुमार ने आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह खर्च हमने नहीं बल्कि जल संसाधन विभाग ने उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सांसदों को केवल कागजात रखने के लिए एक बैग दिया गया था।