कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीख कभी भी आ सकती है। ऐसे में कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार ने एक बार फिर अलग झंडे को लेकर मुहिम तेज कर दी है। उन्होंने अपने राज्य का झंडा डिजाइन कर उसे अनुमति के लिए केंद्र सरकार के पास भेज दिया है।
बता दें कि पिछले कई वर्षों से कर्नाटक सरकार राज्य के लिए अलग झंडे और सिंबल की मांग कर रही है। पिछले साल सरकार ने 9 सदस्यों की एक कमेटी बनाई थी, जिसे झंडा डिजाइन करने और सिंबल तय करने का जिम्मा दिया गया था।
कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है और अब इसे कानूनी मान्यता दिलाने का काम शुरू हो गया है। कर्नाटक सरकार ने झंडे की डिजाइन को केंद्र सरकार को भेज दिया है। अगर यह फैसला लागू हो जाता है तो जम्मू-कश्मीर के बाद देश का दूसरा राज्य होगा, जिसका अपना झंडा होगा। यह कदम ऐसे वक्त में उठाया गया है जब कुछ ही महीने में राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।