कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को कहा कि देश के अन्य शहरों और राज्यों में कोविड-19 के हालात को देखते हुए बंगलूरू अभी भी सुरक्षित है। साथ ही उन्होंने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच शहर में फिर से लॉकडाउन लगाए जाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि 'बंगलूरू में फिलहाल लॉकडाउन नहीं लगेगा।'
सरकार ने पृथक-वास के नियमों में भी बदलाव किया है और दिल्ली तथा तमिलनाडु से आने वालों लोगों के लिए तीन दिन के संस्थागत पृथक-वास की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। लेकिन महाराष्ट्र से आने वालों को अभी भी सात दिन के लिए संस्थागत पृथक-वास में रहना होगा।
मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद राजस्व मंत्री आर. अशोक ने कहा, 'बंगलूरू में लॉकडाउन नहीं लगेगा। यह स्पष्ट है, बंगलूरू में लॉकडाउन लागू नहीं होगा।' इस बैठक में मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री के अलावा अन्य मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि शहर में सिर्फ निषिद्ध क्षेत्र होंगे और जिन इलाकों में बड़ी संख्या में कोविड-19 के मामले आएंगे सिर्फ उन्हें ही सील किया जाएगा। अशोक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस महामारी के कारण भविष्य में उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि शहर में कोई लॉकडाउन लागू नहीं होगा, लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि फिलहाल भविष्य के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।