कर्नाटक सरकार ने शनिवार को बंगलूरू में कोविड-19 की वजह से मरने वालों के लिए अंतिम संस्कार शुल्क माफ करने की घोषणा की। इसके साथ ही सरकार ने कहा कि इसका खर्च शहर के नागरिक निकाय वहन करेंगे।
सरकार ने अपने बयान में कहा कि अब से कोरोना से मरे व्यक्ति के परिवारों को शहर के 12 विद्युत शवदाह गृहों में शहर के नागरिक निकाय बृहत बंगलूरू महानगर पालिका (बीबीएमपी) द्वारा तय किए गए किसी भी शुल्क का भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है।
राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा कि मीडिया में कोविड-19 संक्रमण के कारण मरने वालों का अंतिम संस्कार करने में कठिनाइयों की खबरें आ रही थीं। इन कठिनाइयों को हल करने के उद्देश्य से कुछ निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि बीबीएमपी ने अंतिम संस्कार शुल्क के रूप में 250 रुपये, राख इकट्ठा करने वाले मटके के लिए 100 रुपये और अर्थी के लिए 900 रुपये निर्धारित किए थे, जिन्हें सभी कोविड संक्रमण से मरने वालों के लिए माफ कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इसलिए प्रति अर्थी 1,250 रुपये की इस लागत को अब बीबीएमपी वहन करेगा। अशोक ने कोविड पीड़ितों का अंतिम संस्कार करने वाले कर्मियों के लिए प्रति शरीर 500 रुपये प्रोत्साहन राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह धनराशि मानवता की सेवा करने वाले इन कर्मियों की सेवाओं को मान्यता प्रदान करती है।