कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में किराए के मकान में रहे एक परिवार के चार लोग घर में मृत पाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, परिवार में पति-पत्नी और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे थे। पुलिस के मुताबिक, घर में दंपति फांसी के फंदे पर लटके मिले थे। फिलहाल परिवार के सदस्यों की मौत कैसे हुई इसकी जांच पुलिस की तरफ से की जा रही है।
बंगलूरू पुलिस ने सोमवार को बताया कि दो बच्चों समेत एक परिवार के चार सदस्य अपने किराए के घर में मृत पाए गए। मृतकों की पहचान अनूप कुमार, उनकी पत्नी राखी और उनके पांच और दो साल के दो बच्चों के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दंपति आज सुबह घर में लटके पाए गए। अनूप और राखी ने या तो अपने बच्चों को जहर दिया या फिर गला घोंटकर मार डाला और फिर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्चों की मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला यह परिवार करीब दो साल से इस मौजूदा पते पर रह रहा था। अनूप कुमार एक निजी फर्म में सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट के तौर पर काम करते थे। पुलिस उपायुक्त (मध्य) शेखर एच टेक्कन्नावर ने कहा कि उन्होंने मृतक के परिवार को सूचित कर दिया है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
बंगलूरू के सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आरएमवी द्वितीय स्टेज के एक किराए के घर में परिवार रह रहा था। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस कदम के पीछे का एक कारण वित्तीय लेनदेन था। बताया जा रहा है कि अनूप कुमार ने किसी को व्यवसाय या जमीन के सौदे के लिए पैसे उधार दिए थे, लेकिन उन्हें धोखा मिला। उन्होंने अपने भाई को इस बारे में ईमेल भी लिखा है। हालांकि, इसकी पुष्टि होनी अभी बाकी है। उधर, पुलिस उपायुक्त (मध्य) शेखर एच टेक्कन्नावर ने बताया कि घटना के वास्तविक कारण का पता लगाना अभी बाकी है।