कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव होने हैं। सूबे में तेजी से सियासी समीकरण बदल रहे हैं। टिकट बंटवारे को लेकर राजनीतिक दलों में उठापटक तेज है। जिन्हें टिकट नहीं मिला वो नई राह तलाश रहे हैं। जिन्हें टिकट मिल गया वो चुनाव की तैयारियों में जुट गए। ऐसे में जब कांग्रेस नेता मोहिउद्दीन बावा को उनकी पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो वह जेडीएस प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री से मिलने लगे।
मोहिउद्दीन बावा गुरुवार को एचडी देवेगौड़ा से मिले। इस दौरान उन्होंने चुनाव को लेकर बात की। इस मुलाकात के बाद सामने आया कि वह जेडीएस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे।
कर्नाटक बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने अपने नेताओं को वापस लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मैं नाराज नहीं हूं, जो बीजेपी छोड़ चुके हैं उन्हें वापस लाना है।
उन्होंने कहा कि हमें उन्हें भाजपा में वापस लाना है जो पार्टी से नाराज होकर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी जीतेगी और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। जब ईश्वरप्पा से कांग्रेस से नाराज लोगों को शामिल करने की बात पूछी तो उन्होंने कहा कि नाराज कांग्रेस नेताओं के पास और कोई विकल्प भी नहीं है।
कर्नाटक एलओपी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने पीएम मोदी पर वार किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कर्नाटक की उपेक्षा की है। जेपी नड्डा लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने दम पर सत्ता में वापसी करेगी। बीजेपी सत्ता में नहीं आएगी, वे महत्वपूर्ण समुदायों को दरकिनार कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि निचली अदालत में राहुल गांधी की अर्जी खारिज कर दी गई है। हम इस मामले में ऊपरी अदालत जाएंगे।