कर्नाटक में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी पार्टियों ने अपनी-अपनी जीत के दावे करने शुरू कर दिए हैं। इस बीच, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और जद (एस) के नेता एचडी कुमारस्वामी ने शनिवार त्रिशंकु जनादेश की संभावना से इनकार किया और भरोसा जताया कि उनकी पार्टी ही अपने दम पर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
कुमारस्वामी ने कहा कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव के लिए 93 उम्मीदवारों की सूची की घोषणा कर चुकी है और आने वाले दस दिनों के भीतर 50-60 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करेंगे।
बेंगलुरु प्रेस क्लब में मीडिया से बात करते हुए कुमारस्वामी ने कहा, मुझे भरोसा है कि इस बार स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनेगी। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मैं लोगों की नब्ज को भांप रहा हूं। उन्होंने कहा, जीत को लेकर हमने जो लक्ष्य तय किए हैं, उन्हें हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा कि त्रिशंकु जनादेश का कोई सवाल ही नहीं है। कुमारस्वामी ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी 123 सीटों के लक्ष्य (224 सदस्यीय विधानसभा में) को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और इस लक्ष्य को हासिल भी कर लेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "लोगों में राष्ट्रीय दलों के खिलाफ भावना है और वे एक क्षेत्रीय पार्टी को मौका देना चाहते हैं। भले ही मोदी और शाह सौ बार आ जाएं, लेकिन कर्नाटक में भाजपा के लिए मुश्किल है, क्योंकि उनकी सरकार ने राज्य में बुरा प्रदर्शन किया है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा पीएम मोदी के नाम पर वोट मांगती है, कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा का हवाला देती है, जबकि जद (एस) एकमात्र पार्टी है जो अपनी योजनाओं के लिए जनादेश मांग रही है।
कुमारस्वामी ने किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन की बात से इनकार किया और कहा कि आने वाले दिनों में अगर कोई समान विचारधारा वाली छोटी पार्टियां आगे आती हैं, तो उनकी पार्टी इस पर विचार करने के लिए तैयार है।
उन्होंने यह बात भी स्वीकार की है कि कुछ विधायक और नेता आने वाले दिनों में पार्टी को छोड़ने की योजना बना रहे हैं। यही कारण है कि उन्होंने हासन जिले सहित सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए टिकटों की घोषणा नहीं की है।