कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि गले मिलने से बाकी चीजें मिल सकती हैं, लेकिन वीजा के लिए आपको खुद ही काम करना पड़ेगा। उन्होंने अमेरिकी वीजा नियम को भारत के लिए बड़ा झटका बताया। उधर कर्नाटक में एक रोड शो के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार पर बोलने का कोई हक नहीं है।
ट्रंप प्रशासन के एच1-बी वीजाधारकों की पत्नी को अमेरिका में काम करने की अनुमति न देने के प्रस्ताव के बीच राहुल गांधी ने सरकार की कूटनीति का मजाक उड़ाते हुए एक ट्वीट किया। ट्रंप प्रशासन के इस कदम से दस हजार से ज्यादा भारतीयों पर इसका असर पड़ेगा।
उधर कर्नाटक में एक रोड शो के दौरान राहुल ने सिद्धारमैया सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप पर पलटवार किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने राज्य विधानसभा के चुनाव में आठ दागी उम्मीदवारों को उतारा है। राहुल सातवें चरण के चुनाव प्रचार के लिए फिर से कर्नाटक में हैं।
उन्होंने पीएम मोदी के भ्रष्टाचार पर बोलने के अधिकार को चुनौती देते हुए कहा कि मोदी भ्रष्टाचार की बात करते हैं। जब भगोड़ा नीरव मोदी, जिसे नरेंद्र मोदी अच्छी तरह जानते हैं, 30000 करोड़ रुपये लेकर भाग जाता है, तो वह एक शब्द नहीं बोलते।