फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnataka Election: टीपू सुल्तान के गढ़ में होने वाला अमित शाह का रोड शो टला, भारी बारिश बनी वजह

Fri, 21 Apr 2023 05:51 PM IST
Jeet Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

गृह मंत्री अमित शाह राज्य में कई नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिन्हें चुनाव अभियान की जिम्मेदारी दी गई है और चुनाव रणनीति पर भी मंथन करेंगे। 
 
विज्ञापन
अमित शाह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बेंगलुरु के पास देवनहल्ली में भारी बारिश के कारण केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का रोड शो टाल दिया गया है। तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गृहमंत्री के रोड शो के लिए भविष्य में नई तारीख का एलान किया जाएगा। 

विज्ञापन


 इससे पहले, गृह मंत्री अमित शाह का शुक्रवार को कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचने का प्लान था। जहां वे 21 और 22 अप्रैल को क्रमश: दावणगेरे और देवनहल्ली में रोड शो करने वाले थे। देवहल्ली 18वीं सदी में मैसूरू के शासक रहे टीपू सुलतान की जन्मस्थली है। वह इस दौरान 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बंगलूरु में भारतीय जनता पार्टी के संगठन स्तर की बैठकों में हिस्सा लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, शाह राज्य में कई नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिन्हें चुनाव अभियान की जिम्मेदारी दी गई है और चुनाव रणनीति पर भी मंथन करेंगे। 

अतीक के करीबी इमरान प्रतापगढ़ी को स्टार प्रचारक बना फंसी कांग्रेस
भले ही गैंगस्टर अतीक अहमद इस दुनिया में नहीं रहा, लेकिन उसका नाम अब भी विवाद पैदा कर रहा है। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारक इमरान प्रतापगढ़ी को लेकर केंद्रीय कृषी राज्यमंत्री शोभा कारनदलाजे ने निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में अतीक अहमद जैसे गैंगस्टर को अपना गुरु मानने वाला इमरान प्रतापगढ़ी कांग्रेस का चुनाव प्रचार कर रहा है।
विज्ञापन


उडुपी-चिकमंगलूर से सांसद शोभा ने कहा, इमरान गैंगस्टर अतीक और अशरफ को गुरु मानता है। दोस्त और भाई बोलता है। इमरान को कांग्रेस ने महाराष्ट्र से राज्यसभा सासंद बनाया है। वहीं, इमरान कर्नाटक में हिंदू विरोधी भाषण देते हुए कह रहा है कि मुस्लिम सिर झुकाने वाले नहीं, बल्कि सिर काटने वाले लोग हैं। इससे साफ होता है कि कांग्रेस का हाथ अपराधियों और देशद्रोहियों के साथ है। 
  
प्रधानमंत्री मोदी करेंगे 20 रैलियां व रोड शो
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान करीब 20 स्थानों पर रैलियां और रोड शो करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रचार कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रमों में रैलियां, जनसभाएं और रोड शो शामिल हैं।

मोदी के अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्रियों की एक मजबूत टीम चुनाव के लिए पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा और नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे। 

लिंगायत मुख्यमंत्री पर कोई निर्णय नहीं हुआ : बोम्मई
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को लिंगायत मुख्यमंत्री पर पार्टी की ओर से कोई निर्णय लेने से इन्कार किया और कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा की ओर से बुलाई गई बैठक राज्य में राजनीतिक स्थिति का जायजा लेने के लिए थी।

बोम्मई ने कहा, नेताओं ने कांग्रेस नेताओं द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब देने और लिंगायत मुख्यमंत्री मामले को लेकर भी सुझाव दिए। बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि वह कर्नाटक के नेता की भावनाओं को दिल्ली के नेताओं तक पहुंचाएंगे। बोम्मई का यह बयान विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के कारण जगदीश शेट्टार और लक्ष्मण सावदी के रूप में पार्टी के दो प्रमुख लिंगायत नेताओं को खोने के बाद आई है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें