कर्नाटक चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की लिस्ट रविवार को जारी हो सकती है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक रविवार को होगी, जिसमें भाजपा उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे। रविवार को होने वाली बैठक से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन करेंगे और शनिवार को अपने आवास पर वह बैठक करेंगे, जिसमें कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई और बीएस येदियुरप्पा समेत कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने बैठक से पहले बताया कि बैठक के दौरान सभी संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा होगी। साथ ही जिले और सभी विधानसभावार उम्मीदवारों पर चर्चा होगी और सर्वे के नतीजों को भी आधार बनाया जाएगा। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति रविवार को राज्य की 224 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को फाइनल कर सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्नाटक भाजपा ने हर विधानसभा सीट के लिए तीन संभावित उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। इन तीन संभावित उम्मीदवारों में से किसी एक उम्मीदवार का चयन केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा किया जाएगा और इसके लिए जातिगत समीकरण और विधानसभा के मतदाताओं पर पकड़ का ध्यान रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें-
Karnataka Elections Update: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी सूची; 42 उम्मीदवारों का एलान
भाजपा का 150 सीटें जीतने का लक्ष्य
भाजपा ने कर्नाटक चुनाव में 150 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। क्या भाजपा रविवार को सभी सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का एलान कर देगी? इसके जवाब में मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि कुछ सीटों को छोड़कर लगभग अन्य सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर दिए जाएंगे। जेपी नड्डा के आवास पर होने वाली बैठक में कर्नाटक चुनाव के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और सह-प्रभारी मनसुख मांडविया और पार्टी नेता अरुण सिंह भी शिरकत करेंगे। वहीं बोम्मई और येदियुरप्पा के अलावा सीटी रवि और कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील भी बैठक में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस 224 में से 166 सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। वहीं जद (एस) 93 सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान कर चुकी हैं। वहीं कर्नाटक राष्ट्र समिति, आम आदमी पार्टी, एआईएमआईएम, सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान कर चुकी हैं। कर्नाटक विधानसभा के लिए 10 मई को वोट डाले जाएंगे और 13 मई को नतीजों का एलान होगा।