कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि आज बंगलूरू में राहुल गांधी ने पार्टी के जीते और हारे हुए सांसदों से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
लोकसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और एक बार फिर भाजपा नीत एनडीए की सरकार बनने जा रही है। इसी के साथ 10 साल बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होगा। दूसरी सबसे बड़ी पार्टी और 10 प्रतिशत से अधिक सीटें हासिल करने के कारण यह पद कांग्रेस को मिलेगा। संसद में विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी के नाम पर जोर दिया जा रहा है। पहले शशि थरूर ने राहुल को विपक्ष का नेता बनाने की मांग रखी और अब कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी यही मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन
मीडिया से बात करते हुए डीके शिवकुमार ने कहा, "हम लोकसभा में राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनाना चाहते हैं। राहुल गांधी ने आज कहा कि हमें उन लोगों का दिल जीतना चाहिए, जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया।" कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने आगे कहा, "आज बंगलूरू में राहुल गांधी ने पार्टी के जीते और हारे हुए सांसदों से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हम केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।"
शशि थरूर ने भी की थी राहुल को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग
डीके शिवकुमार से पहले कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा था कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की। उन्होंने भारत जोड़ो न्याय यात्रा की। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने देश भर में उल्लेखनीय प्रचार किया। वे असल में पार्टी के स्टार कैंपेनर हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राज्यसभा में पार्टी के नेता हैं। राहुल गांधी का लोकसभा में पार्टी का नेता बनना उचित होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष बनते हैं तो उन्हें बहुत खुशी होगी।
विज्ञापन
थरूर ने आगे कहा था कि इंडी गठबंधन का निर्णय बहुत स्पष्ट है। एनडीए सरकार बनाएगी और इंडी गठबंधन प्रभावी विपक्ष होंगे। उन्होंने बताया कि वे प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी को पिछले दस वर्षों की तुलना में दूसरों के प्रति अधिक जवाबदेह बनाएंगे।