फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnataka: 'येदियुरप्पा और श्रीरामुलु के खिलाफ मुकदमे की सिफारिश'; कोरोना फंड घोटाले की जांच पर मंत्री का दावा

Sat, 09 Nov 2024 06:31 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

कर्नाटक में कोरोना महामारी की रोकथाम को लेकर जारी फंड में गड़बड़ी का आरोप पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा और उनकी सरकार में मंत्री रहे श्रीरामुलु पर भी लगे हैं। वर्तमान कांग्रेस सरकार के मंत्री दिनेश गुंडू राव ने दावा किया है कि मामले की जांच कर रही समिति ने दोनों के खिलाफ मुकदमा चलाने की सिफारिश की है।
विज्ञापन
पूर्व CM येदियुरप्पा, तत्कालीन मंत्री श्रीरामुलु और कांग्रेस नेता दिनेश गुंडू राव (फाइल) - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक में कोरोना महामारी के दौरान उपकरणों और दवाओं की खरीद में कथित अनियमितता के आरोप लगे। इस मामले की जांच के लिए न्यायमूर्ति माइकल डी कुन्हा की अध्यक्षता में आयोग गठित किया गया। जांच के बाद आयोग ने तत्कालीन मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु के खिलाफ मुकदमा चलाने की सिफारिश की है। ये दावा किया है कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने। उन्होंने शनिवार को कहा कि भाजपा के सत्ता में रहने के दौरान फंड के दुरुपयोग और उपकरणों और दवाओं की खरीद में 'लूट' की बात स्पष्ट हो चुकी है।
विज्ञापन


तत्कालीन सरकार ने नियमों का उल्लंघन किया
वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता दिनेश गुंडू राव ने यह भी कहा कि आयोग की रिपोर्ट ये साबित करती है कि कोरोना महामारी के दौर में तत्कालीन भाजपा सरकार ने परिस्थितियों का दुरुपयोग करते हुए शवों पर पैसा कमाया। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान कोई भी भाजपा से सवाल नहीं कर सकता था। इसका फायदा उठाते हुए, तत्कालीन सरकार ने नियमों का उल्लंघन किया। फंड की लूटपाट पर विपक्षी दल के रूप में, कांग्रेस ने मुद्दा उठाने की कोशिश की, लेकिन नतीजा नहीं निकला। 

करीब 14 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ
राव ने कहा कि कर्नाटक में जब कांग्रेस सत्ता में लौटी तो मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरे घोटाले की जांच कराने का फैसला लिया। पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित जांच आयोग ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है। दूसरी रिपोर्ट छह-सात महीने में सौंपी जा सकती है। कैबिनेट उप-समिति ने रिपोर्ट पर चर्चा की है। इसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री येदियुरप्पा और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्रीरामुलु का सीधे तौर पर नाम लिया गया है। पीपीई किट की खरीद में करीब 14 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। 
विज्ञापन


पूर्व सीएम येदियुरप्पा ने कहा- वह ऐसी 'धमकियों' से नहीं डरेंगे
आयोग की रिपोर्ट में गंभीर आरोपों का हवाला देते हुए दिनेश गुंडूराव ने येदियुरप्पा और श्रीरामुलु को 13 नवंबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव प्रचार से दूर रहने की सलाह दी। आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि वह ऐसी 'धमकियों' से नहीं डरेंगे। उन्होंने सीएम सिद्धारमैया से 'षड्यंत्र की राजनीति' छोड़ने की अपील की। 

कई विसंगतियां सामने आई हैं
बता दें कि न्यायमूर्ति माइकल डी' कुन्हा के आयोग ने प्रारंभिक रिपोर्ट 31 अगस्त को सौंपी।  इसके बाद सिद्धारमैया ने अपने डिप्टी डीके शिवकुमार की अगुआई में 7 सदस्यीय कैबिनेट उपसमिति का गठन किया। स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने साफ किया है कि कांग्रेस सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की नीयत से कार्रवाई नहीं कर रही है। ऑक्सीजन सिलेंडर, पीपीई किट, मास्क और दवाओं की खरीद को लेकर कई विसंगतियां सामने आई हैं। रिपोर्ट आने के बाद अब आगे की जांच की जरूरी है। कुछ मामलों में सीधे कार्रवाई शुरू की जा सकती है। आगे क्या किया जाए, इस पर कैबिनेट उप-समिति अगली बैठक में फैसला लेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें