कर्नाटक की एक अदालत ने केरल सीपीआई (एम) नेता कोडियेरी बालाकृष्णन के बेटे बिनीश कोडियेरी की ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) हिरासत की अवधि 11 नवंबर तक के लिए बढ़ा दी है। एजेंसी ने बिनीश को कर्नाटक में मादक पदार्थ जब्ती से संबंधित धनशोधन के एक मामले में 29 अक्तूबर को गिरफ्तार किया था।
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने बिनीश के घर और तिरुवनंतपुरम के विभिन्न स्थानों समेत केरल के कई हिस्सों में बुधवार की सुबह छापेमारी शुरू की थी। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को एजेंसी ने बिनीश के आवास की तलाशी बंद की थी, जब बिनीश का परिवार एजेंसी की कार्रवाई के खिलाफ धरने पर बैठ गया था।
ईडी की इस कार्रवाई को लेकर केरल पुलिस के पास शिकायत की गई थी कि बिनीश की पत्नी, मां और बच्चे को ईडी ने अवैध तरीके से हिरासत में लिया है। इसके बाद केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की एक टीम भी गुरुवार की सुबह बिनीश के आवास पर पहुंची थी।
उधर, बिनीश की पत्नी ने आरोप लगाया था कि ईडी के अधिकारियों ने कुछ दस्तावेजों पर दस्तखत करने के लिए उन्हें धमकाया था। बिनीश की पत्नी के अनुसार इन दस्तावेजों में बंगलूरू के एक ड्रग केस में आरोपी मोहम्मद अनूप के नाम पर दर्ज क्रेडिट कार्ड उनके घर में बरामद होने का दावा किया गया था।
बता दें कि 29 अक्तूबर को बिनीश कोडियोरी को गिरफ्तार करने के बाद एजेंसी ने पूछताछ के लिए उसे चार दिन की हिरासत में लिया था। प्रवर्तन निदेशालय का आरोप है कि इस मामले में ड्रग पेडलर अनूप, बिनीश का 'बेनामीदार' था। बिनीश कोडियेरी ने अनूप और उसके परिवार को जानने की बात कही है।