कर्नाटक पुलिस ने मदिकेरी शहर में बम विस्फोट करने की धमकी देने वाले जद(एस) से जुड़े नगर निगम पार्षद मुस्तफा कोडागु को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ऑडियो क्लिप में आरोपी ने कहा कि अगर हमलों की योजना एक समुदाय को निशाना बनाकर बनाई जाती है, तो भाजपा सरकार की बदनामी होगी। 50 सदस्यों की एक टीम बनानी होगी। इसके लिए सभी को 50 हजार से एक लाख रुपये का योगदान देना चाहिए। शहर में पेट्रोल बम फटना चाहिए। पूरा शहर जलना चाहिए। उन्हें (एक समुदाय को) मरने दो और हमें भी मरने दो।
कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, नौ लोगों की मौत
कर्नाटक के हसन में तीन वाहनों की भिड़ंत में चार बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक शनिवार रात 11 बजे हुई इस दुर्घटना में कर्नाटक सड़क परिवहन कॉरपोरेशन की एक बस, एक दूध का टैंकर और एक टैंपो ट्रैवलर आपस में टकरा गए। जिनकी मौत हुई है, वे सभी टैंपो ट्रैवलर में सवार थे। ट्रैवलर बस और टैंकर के बीच में फंस गया। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता देने की घोषणा की है।
तेंदुए की खाल बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने तेंदुए की तीन खाल जब्त की है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर एसटीएफ की टीम ने झारसुगुड़ा-कुचिंडा मार्ग के बीच मलिधी छाका में झारसुगुड़ा और संबलपुर जिला पुलिस की मदद से शुक्रवार को छापा मारा। तीनों तस्करों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।