डीके शिवकुमार-लक्ष्मी हेब्बालकर (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
कर्नाटक कांग्रेस की विधायक लक्ष्मी हेब्बालकर गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुईं। उन्हें जांच एजेंसी ने अपनी पार्टी के नेता डीके शिवकुमार के मनी लांड्रिंग मामले के संबंध में पूछताछ करने के लिए बुलाया है। ग्रामीण बेलगावी से महिला विधायक लक्ष्मी एजेंसी के खान मार्केट स्थित कार्यालय में सुबह 11 बजे पहुंची।
माना जा रहा है कि मामले की जांच करने वाले अधिकारी उनके बयान को प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत रिकॉर्ड करेंगे। अधिकारी ने कहा कि महिला विधायक का सामना शिवकुमार और अन्य के बयानों से करवाया जाएगा। शिवकुमार को ईडी ने तीन सितंबर को मनी लांड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।
गुरुवार को उन्हें दिल्ली की एक अदालत के सामने पेश किया गया। जहां से उन्हें एक अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कर्नाटक के कद्दावर नेता पहले ईडी की हिरासत में थे। इससे पहले जांच एजेंसी मामले के संबंध में कांग्रेस नेता की बेटी ऐश्वर्या को समन देकर बुला चुकी है।
इस दौरान उनके बयानों को भी दर्ज किया गया। ईडी ने शिवकुमार के अलावा उनके तीन कथित सहयोगियों पर भी शिकंजा कसा है। शिवकुमार, हनुमंथैया और कर्नाटक भवन के एक कर्मचारी और अन्य के खिलाफ पिछले साल ईडी ने मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया था। यह मामला विशेष अदालत में आयकर विभाग की चार्जशीट के आधार पर पिछले साल दर्ज किया गया था। उनपर कथित कर चोरी और हवाला टांजेक्शन के लेन-देन का आरोप है।