डीके शिवकुमार, डिप्टी सीएम, कर्नाटक
- फोटो : ANI
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग एक बार फिर से जोड़ पकड़ने लगी है। कांग्रेस विधायक बसवराजू वी शिवगंगा ने शनिवार को दावा किया कि इस साल दिसंबर के बाद शिवकुमार राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे।
उपमुख्यमंत्री शिवकुमार कर्नाटक के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। हालांकि, शिवकुमार ने पार्टी विधायक शिवगंगा के इस बयान की कड़ी आलोचना की। शिवकुमार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कई चेतावनियों के बावजूद शिवगंगा ने ऐसे बयान देना जारी रखा है। शिवगंगा का यह बयान पार्टी अनुशासन का सीधे तौर पर उल्लंघन। पार्टी उनको नोटिस जारी कर जवाब मांगेगी।
शिवकुमार ने कहा, किसी को भी मुख्यमंत्री पद और अन्य मुद्दों पर बात नहीं करनी चाहिए। विधायकों को पार्टी अनुशासन का पालन करना चाहिए। उन्हें अपनी सीमा नहीं लांघनी चाहिए। उन्हें पहले भी सख्त हिदायत दी जा चुकी है कि वे अनावश्यक बयानबाजी करके भ्रम पैदा न करें। इसके बावजूद शिवगंगा का एक बार फिर इस मामले पर बयान देना पार्टी अनुशासन का उल्लंघन है। इसलिए उन्हें नोटिस दिया जाएगा।
यह पहली बार नहीं है, जब शिवकुमार के समर्थन में इस तरह के बयान सामने आए हैं। पहले भी कई नेता उनके समर्थन में बयान दे चुके हैं। चन्नागिरी से कांग्रेस विधायक शिवगंगा ने खुद पहले भी इसी तरह का बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि शिवकुमार आने वाले दिनों कर्नाटक के मुख्यमंत्री की भूमिका में होंगे।