कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार पर सियासी संकट के बादल साफ होते दिखाई नहीं दे रहे हैं। जद(एस) सुप्रीमो एच डी देवगौड़ा ने बुधवार को कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के उस सुझाव को खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि राज्य को नया बजट पेश करने की बजाए पूरक बजट पेश करना चाहिए।
इस संबंध में पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, 'मैं सिद्धारमैया के सुझाव की आलोचना नहीं करना चाहता। उन्होंने पहले कई बजट पेश किए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री (एचडी कुमारस्वामी) कुछ नया नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि नई सरकार के लिए यह उचित है कि वह पूरक की बजाए नया बजट पेश करें।'
वहीं, सिद्धारमैया और कुमारस्वामी के बीच मतभेद की खबरों के बारे में पूछे जाने पर कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी के संकटमोचक माने जाने वाले डीके शिवकुमार ने कहा, 'वहां कोई समस्या नहीं है। राहुल गांधी ने जो निर्णय लिया है हम उसका पालन करेंगे। कुछ लोग मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन राष्ट्र हित और पार्टी के हित को देख रहे हैं।'
मुख्यमंत्री कुमारस्वामी 5 जुलाई को अपना पहला बजट पेश करने जा रहे हैं। इसी मामले को लेकर एचडी कुमारस्वामी और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि कुमारस्वामी ने सिद्धारमैया से कोई मतभेद होने से इनकार किया है।