रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार रात गुजरात को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब अपने नाम कर लिया। टीम की इस शानदार जीत पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए डीके शिवकुमार और निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और प्रशंसकों को बधाई दी। डीके शिवकुमार ने कहा कि आरसीबी ने पिछले साल की जीत का सिलसिला इस बार भी जारी रखा और पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यह जीत बंगलूरू और पूरे कर्नाटक के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने राज्य सरकार और आरसीबी के करोड़ों प्रशंसकों की ओर से टीम को शुभकामनाएं दीं।
फाइनल को लेकर क्या बोले डीके शिवकुमार?
हालांकि शिवकुमार ने आईपीएल फाइनल के आयोजन स्थल को लेकर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबला बंगलूरू में होना चाहिए था, लेकिन इसे गुजरात में आयोजित किया गया। उनके अनुसार यह कर्नाटक के साथ अन्याय है और इसके पीछे राजनीतिक कारण हो सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस मुद्दे पर ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार किया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में शिवकुमार ने कहा कि आरसीबी ने लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि टीम ने धैर्य, जुझारूपन और चैंपियन जैसी मानसिकता के साथ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों, कोचों, सहयोगी स्टाफ और उन लाखों प्रशंसकों को बधाई दी, जिन्होंने पूरे सीजन टीम का साथ दिया।
सिद्धारमैया ने प्रशंसकों से की यह अपील
वहीं, निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी आरसीबी की जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम ने निडर और आक्रामक क्रिकेट खेली, जिसका विरोधी टीमों के पास कोई जवाब नहीं था। उनके मुताबिक यह जीत पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का नतीजा है और इससे आरसीबी समर्थकों के घरों में जश्न का माहौल बन गया है। सिद्धारमैया ने प्रशंसकों से जीत का जश्न मनाते समय सावधानी बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ दिशा-निर्देश जारी किए हैं और सभी लोगों को उनका पालन करना चाहिए, ताकि उत्सव सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके।
यह अपील 2025 में आरसीबी की पहली आईपीएल जीत के बाद बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की घटना को देखते हुए की गई है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। वहीं, राज्य सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने भी टीम को बधाई दी और इसे टीम की शानदार उपलब्धि बताया।
लगातार दूसरी बार चैंपियन बनीं आरसीबी
गौरतलब है कि आरसीबी ने 2025 में 18 साल का इंतजार खत्म करते हुए अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। अब 2026 में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनकर टीम ने अपनी सफलता की कहानी को और मजबूत कर दिया है। आरसीबी की इस जीत के बाद बंगलूरू समेत पूरे कर्नाटक में खुशी की लहर है और प्रशंसक अपनी टीम की लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी का जमकर जश्न मना रहे हैं।