कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को जनता दल (सेक्युलर) की राज्य सरकार में शामिल होने या समर्थन विस्तार की खबरों को खारिज कर दिया। तीन दिन के दौरे पर दिल्ली आए येदियुरप्पा ने उन अटकलों को खारिज किया जो जदएस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की हाल ही में हुई मुलाकात के बाद उठ रही थीं। उन्होंने कहा कि ये मुलाकात विकास संबंधी कार्यों को लेकर हुई थी।
येदियुरप्पा ने इस संबंध में कहा, 'ये केवल अटकलें हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है। विपक्ष के नेताओं में से एक होने के तौर पर कुमारस्वामी ने विकास कार्यों से संबंधित चर्चा के लिए मुझसे मुलाकात की थी। उस मुलाकात के दौरान किसी भी तरह की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई थी।' उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा के पास कर्नाटक में पर्याप्त बहुमत है और उसे जदएस से किसी भी तरह के सहयोग की जरूरत नहीं है।
येदियुरप्पा ने विपक्ष के उन आरोपों को भी खारिज किया जिनमें कहा जा रहा था कि उनके बेटे और राज्य भाजपा के उपाध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र 'सुपर सीएम' की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विजयेंद्र पार्टी के कार्य पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे, सरकारी काम में उनका कोई दखल नहीं है। येदियुरप्पा ने कहा, 'कुछ विपक्षी नेता उसका (विजयेंद्र) राजनीतिक विकास देखकर आधारहीन आरोप लगा रहे हैं।'
मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा कि वह कैबिनेट के विस्तार को लेकर पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से आज बात करेंगे। इससे पहले येदियुरप्पा ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष के साथ भी चर्चा की।