कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बयानबाजी का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। इस बीच कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने सीएम सिद्धारमैया के पीएम मोदी पर दिए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कर्नाटक कांग्रेस में चल रही कलह पर तंज कसते हुए राहुल गांधी को तलाशने की बात कही।
दरअसल, संसद में चल रहे गतिरोध पर सीएम सिद्धारमैया ने पीएम मोदी पर बयान दिया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के भाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा से बचते रहे। जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बी वाई विजयेंद्र ने कहा कि जिम्मेदारी से बचने की संस्कृति कांग्रेस पार्टी की जड़ों से ही शुरू हुआ है। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, 'पहले राहुल गांधी को ढूंढो, जो गायब हैं, ताकि कर्नाटक में लीडरशिप की लड़ाई को सुलझाया जा सके।'
पीए मोदी पर दिया बयान, विजयेंद्र ने घेरा
सीएम सिद्धारमैया को घेरते हुए विजयेंद्र ने कहा, 'माननीय सिद्धारमैया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी किसी भी चीज से नहीं बचते या कहीं गायब नहीं हुए। वह खुद संसद भवन में मौजूद थे। राज्यसभा में उन्होंने मजबूती और हिम्मत से बात की, आपकी पार्टी व विपक्ष के व्यवहार और नजरिए को उजागर किया। लोकसभा में उन्होंने आपकी पार्टी के सदस्यों के असंसदीय व्यवहार और शरारत के बारे में बात की।'
एक साल से अंदरूनी लड़ाई चल रही: भाजपा
उन्होंने आगे कहा, 'असल में, अगर 'जिम्मेदारी से बचने' की संस्कृति तो वह आपकी कांग्रेस पार्टी की जड़ों से ही शुरू हुआ है। इसका सबूत आपके अपने राहुल गांधी हमारी आंखों के सामने हैं। कर्नाटक में आपके राज की वजह से अफरा-तफरी मची हुई है। पिछले एक साल से मुख्यमंत्री पद को लेकर लगातार अंदरूनी लड़ाई चल रही है। नतीजतन, प्रशासनिक मशीनरी ठप हो गई है। भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का गोरखधंधा जोरों पर है, और लोगों की तकलीफ बर्दाश्त से बाहर हो गई है।'
उन्होंने कहा कि जिस नेता को इन परेशानियों का हल करना चाहिए, आपके हाईकमान लीडर राहुल गांधी कहीं नहीं मिल रहे हैं और 'लापता' हो गए हैं। उनकी तलाश में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को हर दूसरे दिन बेबस हालत में दिल्ली के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सबसे पहले आपको और डिप्टी सीएम को मिलकर पता लगाना चाहिए कि राहुल गांधी कहां हैं।
ये भी पढ़ें: Karnataka Politics: 'कांग्रेस आलाकमान का फैसला अंतिम', सीएम बदलने की अटकलों पर सिद्धारमैया के बयान से मची हलचल
सिद्धारमैया ने पीएम मोदी पर दिया था बयान
इससे पहले सीएम सिद्धारमैया ने कहा, 'भारतीय संसद के इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री के जवाब के बिना धन्यवाद प्रस्ताव पास हो गया है। जब कोई प्रधानमंत्री संसद को नजरअंदाज करता है, तो यह जिम्मेदारी से बचने जैसा होता है। सत्ताधारी भाजपा ने पहले विपक्षी पार्टियों को बोलने से रोका और फिर जवाब न देकर चुप रहना चुना। यह बहुत चिंता की बात है।
अन्य वीडियो