कर्नाटक में लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को भाजपा विधायक चंद्रू लमानी को कथित तौर पर 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। ठेकेदार की शिकायत के आधार पर गडग लोकायुक्त पुलिस ने यह जाल बिछाया था। अधिकारियों ने बताया, “आज गडग लोकायुक्त पुलिस स्टेशन ने सफलतापूर्वक जाल बिछाया। आरोपी लोक सेवक को 5 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।” इसके साथ ही यह भी बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7(क) और 7(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता विजय पुजार इसी जिले के चिंचाली के रहने वाले प्रथम श्रेणी के ठेकेदार हैं।
लोकायुक्त के अधिकारियों ने कहा कि कथित रिश्वत की मांग लघु सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले कार्यों से जुड़ी थी। इसमें सड़क के किनारे रिटेनिंग दीवारों का निर्माण भी शामिल था। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने काम पूरा करने के लिए शिकायतकर्ता से 11 लाख रुपये की मांग की थी। जाल बिछाने के दौरान 5 लाख रुपये स्वीकार कर लिए गए। शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक के साथ-साथ उनके निजी सहायक मंजुनाथ वाल्मीकि और गुरु नाइक को भी इस मामले के संबंध में हिरासत में लिया गया है।लोकायुक्त ने एक बयान में कहा कि आरोपी 1, 2 और 3 को हिरासत में ले लिया गया है और जांच जारी है।