फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंगलूरू एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ के वक्त विमान के विंग से निकली चिंगारी, 229 यात्रियों की अटकी सांसें

Tue, 17 Nov 2026 02:46 PM IST
नितिन गौतम आईएएनएस, मंगलूरू

सार

मंगलूरू एयरपोर्ट पर सोमवार की शाम उस वक्त एक बड़ा हादसा टल गया, जब बंगलूरू के लिए रवाना हो रहे विमान के विंग से चिंगारी निकलने लगी। इसके बाद विमान की उड़ान को रोक दिया गया और उसे एहतियातन पार्किंग बे में ले जाया गया। 
विज्ञापन
एयरपोर्ट। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक के मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार की शाम एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल मंगलूरू से बंगलूरू जा रही एक फ्लाइट को टेकऑफ के दौरान रोकना पड़ा। इसके बाद विमान में सवार सभी 229 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को सुरक्षित वापस पार्किंग बे में लाया गया। इसके बाद, विमान के विंग से चिंगारी निकलने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन


हवाई अड्डा प्राधिकरण के मुताबिक, यह घटना 16 नवंबर को शाम करीब 6:05 बजे हुई। टेकऑफ रोकने के समय विमान जमीन पर ही था और हवा में नहीं उठा था। इसके बाद विमान को वापस पार्किंग बे में लाया गया, जहां एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने उसकी तकनीकी जांच की। जांच के बाद विमान को 'एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड' (एओजी) घोषित कर दिया गया। इसका मतलब है कि तकनीकी खराबी दूर होने तक विमान उड़ान भरने के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके बाद सभी 229 यात्रियों को विमान से उतार लिया गया।

घटना के बाद हवाई अड्डे और एयरलाइन के कर्मचारी यात्रियों की मदद के लिए मौजूद रहे। बाद में एयरलाइन ने फंसे हुए यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा पर भेजने के लिए बंगलूरू से एक विशेष विमान की व्यवस्था की। हालांकि, मूल विमान में सवार 229 यात्रियों में से केवल 34 ने इस राहत विमान से यात्रा की। यह विमान 17 नवंबर की रात 12:10 बजे मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ।
विज्ञापन


टेकऑफ रोकने के बाद भी आगे बढ़ा विमान
हवाई अड्डा प्राधिकरण ने बताया कि विमान रनवे से ऊपर नहीं उठा था। ब्रेक लगाने के बाद भी उसका कुछ दूरी तक आगे बढ़ना ब्रेक लगाने के दौरान पैदा होने वाली स्वाभाविक गति के कारण था। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने यह भी बताया कि तकनीकी खराबी वाले इस विमान में एक न्यायाधीश, एक विधायक के परिवार के सदस्य और बीजेपी के एक प्रमुख नेता भी सवार थे।

बंगलूरू एयरपोर्ट पर भी इंडिगो की फ्लाइट का टेकऑफ रोका गया
गौरतलब है कि सोमवार को बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी इंडिगो की फ्लाइट 6E 6526 को टेकऑफ से ठीक पहले रोकना पड़ा था। पायलट ने तकनीकी खराबी का पता चलने पर इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए थे। इसके बाद केबिन क्रू ने यात्रियों को सिर नीचे करके सुरक्षित स्थिति में बैठने का निर्देश दिया। विमान रनवे पर ही रुका रहा और बाद में यात्रियों को उतारने के लिए पार्किंग बे में लाया गया।

मदुरै जाने वाली यह फ्लाइट सुबह 7:20 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली थी। टेकऑफ की अनुमति मिलने के बाद विमान रनवे पर रफ्तार पकड़ रहा था, तभी चालक दल को तकनीकी खराबी का पता चला। पायलट ने तुरंत ब्रेक लगा दिए। विमान के अचानक रुकने के बाद केबिन क्रू ने यात्रियों से कहा, 'सिर नीचे रखें, सिर नीचे रखें।' इससे यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट फैल गई। विमान करीब 30 मिनट तक रनवे पर खड़ा रहा। इसके बाद यात्रियों को उतारकर टर्मिनल बिल्डिंग में ले जाया गया। बाद में उन्हें दूसरी व्यवस्था के तहत सुबह 9:20 बजे की फ्लाइट से भेजा गया।

इससे पहले 6 सितंबर को 270 यात्रियों को लेकर लंदन जा रही वर्जिन अटलांटिक की एक फ्लाइट को भी टेकऑफ के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी के कारण बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। यह जानकारी हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी बंगलूरू इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (बीआईएएल) ने दी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें