आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर में स्थित कनक दुर्गा माता के मंदिर में हुए हादसे में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने मंदिर के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण के लिए 70 करोड़ रुपये की घोषणा की।
बता दें कल यहां पर भूस्खलन होने से कम से कम पांच लोगों के मलबे के नीचे फंसे थे। इन्हें राहत और बचाव कर्मियों ने निकाल लिया था। इनमें से दो लोग बुरी तरह घायल हो गए थे। इन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया
कनक दुर्गा माता का मंदिर विजयवाड़ा के इंद्रकीलाद्रि पर्वत पर स्थित है। दुर्गा मंदिर के निकट कल इंद्रकीलाद्रि पर्वत की चट्टान टूटकर नीचे गिर गई थी। चट्टान मंदिर के पास बने शेड पर जा गिरी। इससे वहां उपस्थित सभी भक्तों में दहशत फैल गई थी।
इसके बाद जिला कलेक्टर एएम डी इम्तियाज और पुलिस आयुक्त (विजयवाड़ा) बी श्रीनिवासुलु ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया था। इन दिनों मंदिर में नवरात्रि का उत्सव चल रहा है। बता दें इसी दुर्गा मंदिर में बुधवार को मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी भी दर्शन के लिए पहुंचने वाले थे।