राजनीति से नहीं लेंगे संन्यास, कांग्रेस में फिर सक्रिय हुए
कांग्रेस से इस्तीफा देकर राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा करने वाले पार्टी के महासचिव गुरुदास कामत ने यू-टर्न ले लिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। कामत एक बार फिर पुराने पद और प्रभार के साथ कांग्रेस में सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने दो सप्ताह पहले मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम की कार्यपद्धति से नाराज होकर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।
कामत के इस्तीफा वापस लेने से उनके समर्थकों में फिर नया जोश भर गया है। हालांकि उनकी मांगों पर कितना गौर किया गया इस बारे में तथ्य सामने नहीं आ पाया लेकिन, कयास लगाया जा रहा है कि महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी मोहन प्रकाश और संजय निरूपम को पार्टी हाईकमान की ओर से सख्त नसीहत दी गई हैं।
बृहस्पतिवार को गुरुदास कामत ने बयान जारी कर कहा कि पहले मैंने कुछ निजी कारणवश अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव पद और कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था ताकि मैं बिना किसी दल से जुड़े सिर्फ समाज सेवा पर ध्यान दे सकूं। पिछले दो हफ्तों में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं ने मुझे अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित किया।
पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी से मेरी मुलाकात के बाद मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी ही इस देश के लोगों की सेवा करने का सर्वश्रेष्ठ माध्यम है, जिससे मेरा मन बदला और कांग्रेस में रहकर काम करने का निर्णय लिया। कामत ने कहा है कि मैं कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के माध्यम से अपने देश और लोगों की सेवा में समर्पित हूं।मुझे कल देर रात सूचना दी गई है की मुझे वापस गुजरात, राजस्थान, दादरा नगर हवेली, दमन और दीव का प्रभार दिया गया है।
इसके बाद मैंने फैसला किया है कि शुक्रवार 24 जून से उन राज्यों के लोगों से मिलना प्रारंभ करूंगा जिस राज्य का उन्हें प्रभारी बनाया गया है।
Published By Rahul Sankrityayan