साउथ सुपरस्टार कमल हासन ने पहली बार तमिलनाडु की राजनीति पर खुलकर बात की है। उन्होंने अपनी बातों से साफ कर दिया की जल्द ही वह राजनीति में कदम रखेंगे। गुरुवार को उन्होंने कहा कि अगर अगले 100 दिनों में चुनाव होते हैं, तो वह उनमें जरूर नजर आएंगे।
साथ ही टीवी मीडिया पर बातचीत के दौरान उन्होंने ये संकेत भी दिया कि वह किसी भी मौजूदा राजनीतिक पार्टी के साथ नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी पार्टियों का सहयोग करेंगे, लेकिन हम किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।
पढ़ें: 'रजनीकांत राजनीति में आए, तो थाम लूंगा हाथ'
उन्होंने कहा कि मैं किसी भी पार्टी के साथ हाथ नहीं मिलाऊंगा, बल्कि मैं चुनाव में अकेले उतरूंगा। एआईएडीएमके और चुनाव पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार और जनता एक अनचाही शादी में बंधी हुई है, जिससे जनता निजात चाहती है। अगर अगले 100 दिनों में चुनाव होंगे तो मैं जरूर हिस्सा लूंगा।
एक और बात का खुलासा करते हुए उन्होंने बताया कि वह रजनीकांत में भी इस मामले में मुलाकात कर चुके हैं और राजनीतिक क्षेत्र में प्रवेश करने के अपने इरादे से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मैं रजनीकांत से लगभग 4-5 हफ्ते पहले मिला था, हम दोनों साथ काम कर रहे हैं और हमारा लक्ष्य भी एक है, भ्रष्टाचार से लड़ना।