मुजफ्फरनगर के खतौली में हुए ट्रेन हादसे के बाद रेलवे की लापरवाही साफतौर पर नजर आ रही है। हालांकि, अभी तक जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। मामले में रविवार को उत्कल एक्सप्रेस हादसे की वजह लापरवाही होने के इंडियन रेलवे ने भी संकेत दिए हैं।
समाचार न्यूज एजेंसी के मुताबिक एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि इस बात की भी जांच की जाएगी कि कहीं ट्रैक पर बिना इजाजत काम तो नहीं चल रहा था। हालांकि मामले में रेलवे ट्रैफिक के सदस्य मोहम्मद जमशेद ने यह साफतौर पर नहीं स्पष्ट किया कि आखिरकार ट्रैक पर किस तरह का काम चल रहा था।
पढ़ें- मुजफ्फरनगर रेल हादसाः वायरल ऑडियो में सामने आई हादसे की सच्चाई, उड़े रेलवे के होश
ट्रैफिक के सदस्य ने बताया कि पटरियों पर किसी भी तरह के काम चलने के लिए नियम-कानून बने हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस बात की जांच की जाएगी कि क्या पटरियों पर कुछ काम हो रहा था और अगर हो रहा था तो क्या इसमें नियमों का पालन किया गया था।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें रेलवे के दो कर्मचारी इस घटना के संबंध में आपस में फोन पर बातचीत कर रहे हैं। ऑडियो में गेटमैन और खलासी के बीच बातचीत बताई जा रही है। जिसमें दोनों की बातचीत से स्पष्ट है कि रेलवे की लापरवाही के कारण ये हादसा हुआ है। बातचीत में कहा गया है कि ट्रैक पर मरम्मत के काम के लिए पटरियों को खोला गया था। जिसके बाद इसे ठीक नहीं किया जा सका और इसी बीच ट्रेन आ गई। जिसके चलते ये हादसा हो गया।