लोकसभा चुनाव 2024 से पहले ग्रामीण युवाओं को साधने के लिए भाजपा ने नई रणनीति तैयार की है। भाजपा ने देशभर में पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर कबड्डी मैचों की श्रृंखला शुरू करने का फैसला लिया है। चुनावी राज्य मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मिजोरम को छोड़कर सभी राज्यों के जिलों में नमो कबड्डी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। राज्यों में यह प्रतियोगिता 30 नवंबर तक आयोजित की जाएगी।
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया कार्यक्रम के कारण युवाओं में खेल-कूद के प्रति जागरूकता बढ़ी और इसका सकारात्मक परिणाम एशियन गेम्स 2023 में देखने को मिला, जहां भारत के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक मेडल जीत कर इतिहास रच दिया। प्रधानमंत्री के इसी विजन को आगे बढ़ाने के लिए किसान मोर्चा ने जिला स्तर पर कबड्डी प्रतियोगिता आयोजन करने का कार्यक्रम बनाया है, ताकि ग्रामीण अंचल के युवाओं को भी इसका हिस्सा बनाया जा सके।
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री शंभू कुमार बताते हैं कि देशभर में आयोजित हो रही कबड्डी प्रतियोगिताओं की निगरानी के लिए सभी राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इसी तरह से जिला स्तर पर किसान मोर्चा के अध्यक्ष के नेतृत्व में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है, जो जिले के भीतर सभी कबड्डी टीमों के पंजीकरण का काम देख रही हैं। जिलों में जीतने वाली टीमों का सम्मान समारोह संबंधित राज्य की राजधानी में किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर पहचान मिल सके।
शंभू कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार ग्रामीण खेलों में युवा प्रतिभाओं को निखारने एवं उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। कबड्डी जैसे आयोजन कराकर जहां ग्रामीण खेलों को मजबूत किया जा रहा है, वहीं इसके माध्यम से सामाजिक समरसता को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर एक मंच प्रदान कर रही है। भाजपा के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय और राज्य पदाधिकारियों ने हाल ही में इस संबंध में एक बैठक की और 'नमो कबड्डी' कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कई समितियों का गठन किया। प्रत्येक राज्य में विजेता टीमों को किसी केंद्रीय मंत्री या संबंधित राज्य के भाजपा अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया जाएगा।