टीआरएस एमएलसी के कविता मानहानि से जुड़े मामले में हैदराबाद की एक अदालत ने भाजपा नेताओं परवेश वर्मा और मनजिंदर एस सिरसा को नोटिस जारी किया है। अदालत ने इन्हें निर्देश दिया कि वे मीडिया में कविता के खिलाफ कोई मानहानि वाला बयान न दें। मामले में सुनवाई की अगली तारीख 13 सितंबर तय की गई है।
निजामाबाद की पूर्व सांसद और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की एमएलसी के कविता ने भाजपा नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि टीआरएस नेता कविता भी दिल्ली शराब नीति घोटाला में शामिल हैं। हैदराबाद में सिटी सिविल कोर्ट ने कहा कि कविता के खिलाफ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से कोई मानहानि वाला बयान नहीं दिया जाएगा।
भाजपा का आप पर घोटाले का आरोप
कविता ने सोमवार को कहा था कि वह इस मामले में अदालत में इन दोनों नेताओं के खिलाफ मानहानि का मामला दायर करेंगी। परवेश वर्मा और सिरसा ने आरोप लगाया था कि कविता ने दिल्ली शराब नीति घोटाले में आप सरकार और शराब माफिया के बीच दलाल का काम किया था। साथ ही दिल्ली भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया था कि दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कमीशन 2.5 फीसदी से बढ़ाकर 12 फीसदी कर दिया था। भाजपा ने इस मामले में आप सरकार पर 150 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है।