सुप्रीम कोर्ट के दूसरे वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस चेलमेश्वर का शुक्रवार को शीर्ष अदालत में आखिरी दिन होगा। शुक्रवार के लिए सुप्रीम कोर्ट की कार्य सूची में उनका नाम चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ में है। क्या वह सीजेआई के साथ मंच साझा करेंगे, इसको लेकर असमंजस की स्थिति है। इस बारे में उनके कार्यालय से भी कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।
सुप्रीम कोर्ट के दूसरे वरिष्ठतम न्यायाधीश 22 जून को हो रहे हैं सेवानिवृत्त
शीर्ष अदालत में शनिवार से ग्रीष्मावकाश शुरू हो रहा है
सुप्रीम कोर्ट में यह परंपरा है कि सेवानिवृत्त होने वाला जज अपने आखिरी कार्यदिवस पर कोर्ट नंबर एक में सीजेआई के साथ मंच साझा करता है। जस्टिस चेलमेश्वर 22 जून को अपने पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं लेकिन सुप्रीम कोर्ट में 19 मई से ग्रीष्मावकाश शुरू हो रहा है। जस्टिस चेलमेश्वर के सीजेआई के साथ कोर्ट नंबर में बैठने को लेकर वकीलों और जजों में इसलिए अटकलें लग रही हैं क्योंकि जस्टिस चेलमेश्वर सीजेआई के साथ अपने मतभेदों को सार्वजनिक कर चुके हैं।
इतना ही नहीं, उनके नेतृत्व में 12 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट के तीन अन्य वरिष्ठ जजों ने सीजेआई के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी और कई आरोप लगाए थे। इससे पहले जस्टिस चेलमेश्वर ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा उनके सम्मान में आयोजित किए जाने वाले विदाई समारोह में भी शामिल होने से इनकार कर दिया था।