न्यायपालिका में आए ‘भूचाल’ के बाद सुप्रीम कोर्ट में हर बुधवार को होने वाले कस्टमरी लंच का आयोजन तो हुआ लेकिन जजों के बीच विवाद को लेकर कोई बात नहीं बनी। सूत्रों की मानें तो न्यायमूर्ति जे. चेलमेश्वर के अवकाश पर होने के कारण कोई हल नहीं निकल सका, वह बीमार हैं। शाम को न्यायमूर्ति रंजन गोगोई ने घर जाकर जस्टिस चेलमेश्वर का हालचाल जाना। सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात करीब 15 मिनट चली। बुधवार को न्यायमूर्ति एसए बोबडे और न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल भी अवकाश पर थे।
इससे पहले, सुबह अदालत की कार्यवाही शुरू होने से पहले चीफ जस्टिस मिश्रा अन्य तीन खफा जजों जस्टिस रंजन गोगोई, जस्टिस मदन बी लोकुर और जस्टिस कुरियन जोसेफ से जज लाउंज में मिले। इसके बाद, उन्होंने अन्य जजों के साथ खफा जजों से भोजनावकाश के दौरान भी संक्षिप्त चर्चा हुई। नाराज जजों से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, ‘संकट अभी खत्म नहीं हुआ है।’