पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़।
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में बीएसएफ के अधिकार बढ़ाने को लेकर ममता सरकार से केंद्र की तकरार बढ़ती जा रही है। सोमवार को सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। इसमें बंगाल पुलिस के साथ बीएसएफ का समन्वय बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।
राज्यपाल धनखड़ ने बताया कि पंकज कुमार सिंह ने उनके साथ बैठक के दौरान संकेत दिया कि पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ सहज समन्वय पैदा करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। इस मुलाकात के बाद राज्यपाल धनखड़ ने ट्वीट कर कहा कि बीएसएफ डीजी ने संकेत दिया कि बंगाल पुलिस के साथ निर्बाध समन्वय के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। सीमाओं की सुरक्षा पर उचित ध्यान दिया जाएगा।
राज्यपाल ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए
राज्यपाल ने आगे कहा कि उन्होंने इस मामले में राज्य के मुख्य सचिव एचके द्विवेदी और गृह सचिव बीपी गोपालिका को बीएसएफ और पश्चिम बंगाल पुलिस के बीच समन्वय के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा है।
सीएम ममता बनर्जी ने कहा- गांवों में बीएसएफ जवानों का प्रवेश रोकें
उधर, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र को 15 किमी से बढ़ाकर 50 किलोमीटर करने के केंद्र के फैसले का विरोध कर रही हैं। सीएम बनर्जी ने हाल ही में बांग्लादेश से सटे राज्य के कुछ जिलों के पुलिस अधिकारियों को बीएसएफ कर्मियों के बिना अनुमति गांवों में प्रवेश पर रोक लगाने के लिए कहा है।
राज्यपाल ने सुखेंदु शेखर रॉय को लिखा पत्र, बताई एकजुट रहने की जरूरत
इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के सांसद और प्रवक्ता सुखेंदु शेखर रॉय को सोमवार को लिखे पत्र में राज्यपाल धनखड़ ने कहा कि संघीय राजनीति में, सभी एजेंसियों-केंद्र और राज्य को एकजुट होने की जरूरत है। राज्यसभा में तृणमूल के मुख्य सचेतक के एक पत्र के जवाब में उन्होंने लिखा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर पक्षपातपूर्ण विचारों की अनदेखी करते हुए राष्ट्रीय हित और सुरक्षा पर एकजुट होना चाहिए।