जस्टिस लोया मामले में अब विपक्ष एकजुट हो रहा है। जज लोया को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर आज विपक्ष के नेता राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से शाम 5 बजे मुलाकात करेंगे। बता दें कि पिछले दिनों जस्टिस लोया मामले में सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई अधूरी रही जिसकी वजह से दायर याचिकाओं पर अगली सुनवाई सोमवार को की जाएगी।
बता दें कि जस्टिस लोया मामले को जस्टिस दवे ने संदिग्ध माना है और जजों की बेंच से मामले में स्वतंत्र जांच की मांग की है। जज लोया मामले की सुनवाई के दौरान सोमवार को याचिकाकर्ताओं के वकीलों और न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ की आपस में तीखी बहस हुई।
न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ को कहना पड़ा कि सुप्रीम कोर्ट में बहस का स्तर मछली-बाजार जैसा न बनाया जाए। दरअसल, याचिकाकर्ता बंधुराज लोने की ओर से वकील पल्लव सिसोदिया ने कहा कि दूसरे याचिकाकर्ताओं की सभी दलीलें पूरी हो चुकी हैं इसलिए वह अब इसमें और बहस नहीं चाहते। लोगों द्वारा आरोप लगाने पर स्वतंत्र जांच की इजाजत नहीं दी जा सकती। बता दें कि SC में जस्टिस लोया की मौत की स्वतंत्र जांच कराए जाने की पिटीशन पर सुनवाई की जा रही है।