भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
- फोटो : ANI
राजस्थान में पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनावों में भाजपा को जीत हासिल हुई है। इस जीत से गदगद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजस्थान की जनता का धन्यवाद दिया है।
जेपी नड्डा बोले, ये जीत किसानों और मजदूरों का पीएम मोदी में विश्वास का प्रतीक
नड्डा ने ट्वीट कर कहा है कि राजस्थान में पंचायती और जिला परिषद चुनावों में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र की जनता, किसानों व महिलाओं ने भाजपा में जो विश्वास प्रकट किया है, इसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। यह जीत गांव, गरीब, किसान और मजदूर का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी में विश्वास का प्रतीक है। दरअसल, पंचायत चुनाव में कृषि कानून और किसानों से जुड़ा मुद्दा फेल हो गया है।
पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के परिणाम भाजपा के पक्ष में रहा है। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, चुनाव आयोग द्वारा जारी फाइनल रिजल्ट के मुताबिक, 636 जिला परिषद के सदस्यों में 353 पर भाजपा और 252 पर कांग्रेस सदस्य जीते हैं। वहीं पंचायत समिति की 4,371 सीटों में से कांग्रेस ने 1799, तो भाजपा ने 1932 सीटें जीती हैं।