भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और वायनाड सांसद राहुल गांधी के खिलाफ हमला बोलते हुए उनके परिवार पर बड़ा आरोप लगाया है। नड्डा ने गांधी परिवार पर आरोप लगाया कि 'प्रधानमंत्री राहत कोष' से पैसों को परिवार के ट्रस्ट में डायवर्ट किया गया और चीनियों से पैसे लेकर राष्ट्रीय हितों को चोट पहुंचाई गई।
भाजपा अध्यक्ष ने ट्वीट किया, 'आपके परिवार की संदिग्ध विरासत में पीएमएनआरएफ में एक स्थायी स्थान और फिर राहत कोष से अपने परिवार के ट्रस्टों में पैसे डायवर्ट करना शामिल है। आपने और आपकी मां ने हमारे राष्ट्रीय हित को चोट पहुंचाने के लिए चीनियों से पैसे भी लिए। क्या कोई इससे भी नीचे गिर सकता है?'
दरअसल, राहुल गांधी ने सोमवार को एक खबर को ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने एक अखबार की खबर को ट्वीट किया, जिसमें बताया गया कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम केयर्स से संबंधित आरटीआई का जवाब देने से मना कर दिया। राहुल ने खबर के साथ ट्वीट कर कहा, 'पीएम केयर्स सुधार का अधिकार।'
वहीं, राहुल के इस ट्वीट पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'पूरे देश को पीएम और उनकी पहल पर पूरा भरोसा है। यह विश्वास अभी तक पीएम केयर्स के लिए व्यापक समर्थन के साथ फिर से दिखाई दे रहा है। एक हारे हुए इंसान होने के नाते, आप केवल नकली समाचारों को पाल सकते हैं और फैला सकते हैं जबकि पूरा देश कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एक साथ है।'
नड्डा ने कहा, 'ऐसा ही होता है, जब 'असक्षम राजकुमार' बिना पढ़े हुए आलेखों को साझा करते हैं। यह आरटीआई एक दूसरे आरटीआई के बारे में जानने के लिए दायर की गई थी और पारदर्शिता पर हमले के रूप में यह आपके द्वारा दुर्भावनापूर्ण रूप से उछाला गया है। खैर, यह स्वाभाविक है कि आपका करियर केवल फर्जी खबरें फैलाने पर आधारित है।'