जेपी समूह के जयप्रकाश एसोसिएट्स ने 4,059 करोड़ रुपये का कर्ज नहीं चुकाया है। इस राशि में मूलधन और ब्याज दोनों शामिल हैं। जयप्रकाश एसोसिएट्स लि. (जेएएल) ने बाजार नियामक को बताया कि कंपनी ने 31 दिसंबर को मूल राशि 1,713 करोड़ रुपये और 2,346 करोड़ रुपये के ब्याज के पुनर्भुगतान में चूक की।
यह कर्ज विभिन्न बैंकों से लिया गया था और उत्तरदायित्व की प्रकृति में कार्यशील पूंजी, गैर निधि आधारित कार्यशील पूंजी, सावधि ऋण और एफसीसीबी (विदेशी मुद्रा परिवर्तनीय बांड) शामिल हैं। कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन मनोज गौर ने हाल ही में कहा था कि कंपनी अपनी देनदारी खत्म करने के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
दिवालिया घोषित करने का मामला लंबित
आईसीआईसीआई बैंक ने सितंबर, 2018 में जेएएल को दिवालिया घोषित करने की याचिका दी थी। यह मामला राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण (एनसीएलटी) की इलाहाबाद पीठ के समक्ष लंबित है। एसबीआई ने पिछले साल सितंबर में एनसीएलटी में कंपनी पर 6,893.15 करोड़ रुपये बकाया होने की जानकारी दी थी।