वक्फ संशोधन विधेयक पर गठित संयुक्त संसदीय समिति जेपीसी लोगों की राय जानने के लिए देश के सभी प्रमुख शहरों का दौरा करेगी। दौरे का सिलसिला समिति की 19 और 20 सितंबर को होने वाली पांचवीं और छठी बैठक के बाद शुरू होगा। समिति को अब तक ईमेल के जरिए 84 लाख और 70 बक्सों में लाखों लोगों के लिखित सुझाव हासिल हुए हैं। समिति जल्द ही हासिल किए गए सुझावों का अध्ययन शुरू करेगी।
समिति के सूत्रों ने बताया कि ईमेल और लिखित में सुझाव देने के लिए सोमवार आखिरी दिन था। समिति को ईमेल और लिखित के रूप में करीब एक करोड़ सुझाव मिले हैं। सबसे अधिक सुझाव उत्तर प्रदेश से मिले हैं। समिति ने लोगों का सुझाव हासिल करने के लिए देशव्यापी दौरा करने का निर्णय लिया है। इस क्रम में समिति ने लखनऊ, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, बंगलुरू, पटना, अहमदाबाद सहित कुछ अन्य अहम शहरों का चयन किया है। दौरे का सिलसिला छठी बैठक के बाद शुरू होगा। इन दौरों में समिति इस मामले से जुड़े सभी प्रमुख हितधारकों से संपर्क कर उनकी राय जानेगी।
19 व 20 को होने वाली बैठक बेहद अहम
समिति की 19 और 20 सितंबर को होने वाली 5वीं और 6ठी बैठक बेहद अहम है। 5वीं बैठक में समिति ने पसमांदा मुस्लिम महाज, मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रमुख लोगों के साथ ही पटना के चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो फैजान मुस्तफा को आमंत्रित किया है। 6ठी बैठक में इंडिया सज्जदानशीन काउंसिल अजमेर के प्रमुख चिश्तियों, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रमुख लोगों और भारत फर्स्ट संगठन के लोगों को बुलाया गया है। इन दोनों बैठकों में समिति विधेयक के संदर्भ में सभी पक्षों की चिंताओं और सुझावों पर बात करेगी।