एक अत्प्रत्याशित घटनाक्रम में राजस्थान के जोधपुर की जय नारायण व्यास यूनिवर्सिटी की ओर से जेएनयू की चर्चित प्रोफेसर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रोफेसर पर आरोप है कि यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कश्मीर और भारतीय सेना के खिलाफ विवादित बयान दिया है।
इस मुद्दे पर एबीवीपी के विरोध प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं प्रोफेसर ने आरोपों से इंकार करते हुए मुद्दे को अनावश्यक तूल देने का आरोप लगाया है।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार जेएनयू की प्रोफेसर निवेदिता मेनन के खिलाफ यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर आरपी सिंह ने बताया कि मेनन ने बयान दिया था कि कश्मीर कभी भारत का अभिन्न हिस्सा नहीं रहा है और वहां तैनात जवान भी देश सेवा के लिए नहीं रोजी रोटी के लिए काम कर रहे हैं। वहीं मेनन ने आरोपों को अनावश्यक विवाद बताते हुए कहा कि अफवाहों के आधार पर इस मुद्दे को जबरन तूल दे दिया गया।