केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने ग्रामीण इलाकों में रह रहे बीपीएल परिवार के पढ़े-लिखे युवकों को प्रशिक्षण देकर नौकरी देने की योजना तैयार की है। मंत्रालय की ओर से प्रशिक्षण के लिए पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। प्रशिक्षण का काम अलग-अलग अस्पतालों की ओर से कराया जाएगा। इस योजना के तहत प्रशिक्षण पाने वाले 70 फीसदी युवाओं को नौकरी देने की गारंटी होगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़े-लिखे बीपीएल परिवार के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार प्रशिक्षण देकर नौकरी दिलाने की योजना तैयार की गई है।
इसके लिए मंत्रालय की ओर से 27 तरह के पाठ्यक्रम तैयार करने की योजना है। करीब 15 विषयों के पाठ्यक्रम तैयार कर लिए गए हैं। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से फिलहाल इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के साथ एक समझौता भी किया गया है।