महिला से पूछताछ में यह भी पता चला कि मल्होत्रा की महिला से दोस्ती छह महीने पहले दिल्ली की यात्रा के दौरान हुई थी। महिला से 50 फीसदी कमीशन पर यह काम करने का करार हुआ था। मल्होत्रा इस धंधे में पिछले एक साल से लिप्त है। डीआरआई को दो महीने पहले ही इसकी भनक लगी थी। डीआरआई इस धंधे में कुछ सराफा कारोबारियों समेत जेट एयरवेज के चालक दलों के कुछ अन्य सदस्यों की भूमिका को भी संदिग्ध मान रही है।
दिल्ली की एक अदालत ने हवाला कारोबार के आरोप में गिरफ्तार जेट एयरवेज की एयर होस्टेस और हवाला कारोबारी को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ऋतु सिंह ने 25 वर्षीया एयर होस्टेस देवाशी कुलश्रेष्ठ और 39 वर्षीय अमित मल्होत्रा को 11 जनवरी को अदालत में पेश करने का आदेश दिया। हालांकि डीआरआई ने दोनों आरोपियों को दो सप्ताह न्यायिक हिरासत में रखने की अपील की थी। एजेंसी ने अदालत को बताया कि इन दोनों का अपराध संज्ञेय और गैर-जमानती है और इनके खिलाफ जांच चल रही है।