Jensan Huang Resignation
- फोटो : Amar Ujala AI Generated
एनवीडिया के सामने फिलहाल सबसे बड़ी राहत यह है कि कंपनी मजबूत कारोबारी स्थिति में खड़ी है। उसके पास कमाई का बड़ा आधार है और दुनिया भर में उसके चिप्स की मांग बनी हुई है। इसलिए नेतृत्व में बदलाव को पूरी एआई इंडस्ट्री के तुरंत संकट में आने का संकेत नहीं माना जा सकता। कंपनी के ताजा तिमाही नतीजों के मुताबिरक एनवीडिया ने 96.2 अरब डॉलर का कुल रेवेन्यू दर्ज किया। इसमें 89 अरब डॉलर की कमाई डाटा सेंटर बिजनेस से हुई जबकि ऑपरेटिंग इनकम 63.7 अरब डॉलर रही। जेनसन हुआंग के जाने से असली चुनौती आगे की है। नए चिप्स और सिस्टम समय पर विकसित करना, ग्राहकों का भरोसा बनाए रखना और सप्लाई चेन को संभालना नए नेतृत्व की परीक्षा होगी।
एनवीडिया में जेनसन हुआंग के इस्तीफा देने का असर केवल कंपनी तक सीमित रहेगा या इसका प्रभाव पूरी एआई इंडस्ट्री पर भी दिखाई देगा? इस सवाल पर विशेषज्ञों की राय है कि जेनसन हुआंग के जाने से एआई सेक्टर की रफ्तार अचानक धीमी नहीं होगी। आज यह उद्योग इतना व्यापक हो चुका है कि इसकी प्रगति किसी एक सीईओ या कंपनी के नेतृत्व पर निर्भर नहीं करती। इसमें सेमीकंडक्टर निर्माता, क्लाउड कंपनियां, डाटा सेंटर और एआई सॉफ्टवेयर विकसित करने वाली कई कंपनियां मिलकर काम करती हैं।
अमेरिकी थिंक टैंक फाउंडेशन फॉर अमेरिकन इनोवेशन के सीनियर फेलो और एआई पॉलिसी विशेषज्ञ रयान फेडासियुक ने भी इसी ओर इशारा किया है। उनके मुताबिक इतनी बड़ी इंडस्ट्री का भविष्य किसी एक व्यक्ति के कंधों पर नहीं टिका हो सकता। फेडासियुक के मुताबिक, हुआंग ने एनवीडिया और अमेरिकी सेमीकंडक्टर उद्योग को जो मजबूत आधार दिया है उसका फायदा कंपनी को आगे भी मिलता रहेगा। इसलिए उनके इस्तीफे से चिप सप्लाई चेन पर तत्काल बड़े असर की आशंका नहीं है। खासकर टीएसएमसी जैसी कंपनियों के कारोबार पर इसका सीधा प्रभाव पड़ना जरूरी नहीं है। ये कंपनियां एनवीडिया के लिए चिप निर्माण और सप्लाई का अहम हिस्सा हैं।
हालांकि, आने वाले समय में नए नेतृत्व की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उसे न केवल कंपनी की मौजूदा रणनीति को आगे बढ़ाना होगा बल्कि तकनीकी विकास, सप्लायर्स के साथ संबंध और ग्राहकों का भरोसा भी बनाए रखना होगा। असली परीक्षा यही होगी कि एनवीडिया हुआंग के बनाए मजबूत आधार पर आगे कितनी सफलतापूर्वक अपना सफर जारी रख पाती है।