कोरोना वायरस से निपटने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ्यू की अपील का देश में व्यापक असर दिखा है। राजधानी से दिल्ली से लेकिन केरल तक लोगों ने जनता कर्फ्यू का पालन किया। ये सुबह सात बजे से शुरू होकर रात नौ बजे तक चला। हालांकि गोवा, तमिलनाडु और झारखंड जैसे राज्यों ने इसकी मियाद बढ़ाई है। जनता कर्फ्यू के दौरान रविवार को हर राज्य, शहर, कस्बे में पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा और सड़कें सूनी दिखीं। इस बीच रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि 31 मार्च तक सभी ट्रेनें बंद रहेंगी। उधर, केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि उन सभी 75 जिलों को लॉकडाउन किया जाए जहां कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं।
गोवा में तीन दिन बढ़ा जनता कर्फ्यू
गोवा सरकार ने जनता कर्फ्यू को अगले तीन दिन के लिए बढ़ा दिया है। गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने समाचार एजेंसी एएनआई से ये बात कही।
लोगों ने बजाई ताली-शंख-थाली
शाम 5 बजे लोगों ने घरों के बाहर बजाई, ताली, थाली और शंख। इसके जरिए लोगों ने वायरस संक्रमण के दौर में अत्याधिक जरूरी सेवाओं में लगे कर्मचारियों का आभार जताया। बता दें कि पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की थी वे ठीक पांच बजे अपने घरों के बाहर ताली, थाली या शंख बजाकर कोरोना के प्रकोप के बीच आवश्यक सेवाओं में लगे डॉक्टरों, सुरक्षाकर्मियों, मीडियाकर्मियों व अन्य लोगों के प्रति आभार जताएं। लोगों ने इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
राजनाथ सिंह ने भी जताया आभार
दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वास्थ्य कर्मचारियों समेत आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी थाली बजाकर 'योद्धाओं' का अभार जताया।
ये दृश्य है नोएडा का जहां लोगों ने घरों के बाहर ताली और थाली बजाई।
गुजरात में जनता कर्फ्यू
गुजरात के राजकोट में जनता कर्फ्यू के दौरान सड़कों से वाहन नदारद रहे। गुजरात में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यहां अबतक 14 मामले सामने आ चुके हैं।
ये है सूरत का नजारा
तमिलनाडु में सोमवार सुबह तक जारी रहेगा जनता कर्फ्यू
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आहूत ‘जनता कर्फ्यू’ की समयसीमा को तमिलनाडु सरकार ने सोमवार सुबह पांच बजे तक बढ़ा दिया है। रविवार को जनता कर्फ्यू को आम जनता, व्यापारियों, उद्योग और समाज के अन्य वर्गों का समर्थन देखने को मिला। राज्य सरकार ने जनता के सहयोग का स्वागत किया और कहा कि लोगों के हितों को देखते हुए रविवार रात नौ बजे समाप्त होने वाला कर्फ्यू कल सुबह पांच बजे तक जारी रहेगा। आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति पर कोई रोक नहीं है।
झारखंड में रात 9 बजे बाद भी जनता कर्फ्यू
झारखंड के मुख्य सचिव ने डिप्टी पुलिस कमिश्नर और सभी पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर कहा है कि रात 9 बजे के बाद भी जनता कर्फ्यू जारी रहे।
दिल्ली में सन्नाटा पसरा
दिल्ली में जनता कर्फ्यू के दौरान सड़कों पर ऐसा नजारा दिखा। मेट्रो स्टेशन और दुकानें बंद हैंं। दिल्ली में कोरोना के 26 मरीज मिले हैं।
चंडीगढ़ में सब्जी मार्केट बंद
जनता कर्फ्यू के दौरान चंडीगढ़ में सब्जी मार्केट पूरी तरह बंद है। चंडीगढ़ में कोरोना वायरस के पांच मामले सामने आ चुके हैं।
तमिलनाडु में भी सबकुछ बंद
तमिलनाडु में भी लोगों ने जनता कर्फ्यू का पूरी तरह से पालन किया। ये तस्वीरें बता रही हैंं कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए देश किस कदर एकजुट है। यहां 6 लोग कोरोना से संक्रमित हैं।
लखनऊ में जनता कर्फ्यू का असर
लखनऊ में जनता कर्फ्यू का असर साफ दिखा। यहां लोग घरों से बाहर नहीं निकले और सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। बता दें कि लखनऊ में ही सिंगर कनिका कपूर कोरोना पॉजिटिव मिली थीं जिसके बाद भारी यहां अफरातफरी मच गई थी।
कश्मीर में ‘जनता कर्फ्यू’ के चलते कर्फ्यू जैसी पाबंदियां
कश्मीर में लोगों की आवाजाही और उनके एकत्र होने पर कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लागू कर दी गईं। घाटी में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए एक तरह से बंद के हालात का लगातार चौथा दिन है। केवल सरकारी और आवश्यक सेवाओं के कर्मचारियों को पहचान संबंधी पत्र देखने के बाद और आपात मामलों में ही लोगों को आवाजाही की अनुमति है। अधिकारियों ने कहा कि कश्मीर घाटी के सभी जिलों में रविवार सुबह लोगों की आवाजाही और उनके एकत्रित होने पर कर्फ्यू जैसी पाबंदियां हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और पाबंदियों को लागू करने के लिए श्रीनगर समेत घाटी के कई स्थानों पर कांटेदार तार समेत अवरोधक लगाए गए हैं।
रेलगाड़ियां नहीं चलीं
जनता कर्फ्यू के दिन मुंबई में सभी ट्रेनें निरस्त रहीं। बता दें कि मुंबई में पहले से ही लॉकडाउन है। आज रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनें भी रद्द कर दी हैं।
दिल्ली के कनॉट प्लेस का नजारा
दिल्ली के कनॉट प्लेस में जनता कर्फ्यू के दौरान यहां का नजारा कुछ ऐसा था। बता दें कि दिल्ली में आज मेट्रो भी बंद है।
मणिपुर में जनता कर्फ्यू
मणिपुर में जनता कर्फ्यू के दौरान दिखा ऐसा नजारा। हर तरफ सूनी सड़कें नजर आ रही हैं।
असम में लोग घरों के भीतर, वाहन नदारद
असम में करोड़ों लोगों के अपने घरों से नहीं निकलने के साथ ही शहर के बाजार बंद रहे और सड़कों से वाहन नदारद रहे। यह 14 घंटे का स्वैच्छिक कर्फ्यू सुबह सात बजे से लागू हुआ लेकिन राज्य के लोगों ने शनिवार रात से ही घर से बाहर निकलना बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने ट्वीट के जरिए कहा, मैं जनता कर्फ्यू में शामिल हो रहा हूं और आज घर पर ही रहूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हम कोविड-19 से लड़ने के लिए तैयार हैं। साथ मिलकर हम कोरोना वायरस को हरा सकते है।
त्रिपुरा में जनता कर्फ्यू का हाल
जनता कर्फ्यू का असर त्रिपुरा में भी देखने को मिल रहा है। राजधानी अगरतला पर एक भी वाहन नजर नहीं आ रहा है। लोगों ने खुद को घरों में बंद कर लिया है।
सड़क पर निकलने वाले लोगों को फूल दे रही पुलिस
जनता कर्फ्यू के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में बाराखंबा रोड पर पुलिस द्वारा रोड पर निकलने वाले लोगों को फूल दे रही है। साथ ही बाहर निकलने वाले लोगों से गुजारिश की जा रही है, वह घरों से बाहर ना निकले।
महाराष्ट्र में जनता कर्फ्यू
महाराष्ट्र में जनता कर्फ्यू का व्यापक असर। बता दें कि राज्य में कोरोना वायरस के अबतक सबसे ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। मुंबई, नागपुर, पुणे, पिंचरी-चिंचवाड़ को लॉकडाउन किया जा चुका है।
कोलकाता में जनता कर्फ्यू
कोलकाता में भी हर तरफ पसरा है सन्नाटा। जनता कर्फ्यू का यहां व्यापक असर दिख रहा है।
प्रयागराज में जनता कर्फ्यू का व्यापक असर दिख रहा है।
दिल्ली में मेट्रो स्टेशन पूरी तरह से बंद हैं।
केरल के त्रिवेंद्रम सेंट्रल में जनता कर्फ्यू का असर दिखा और यहां सड़कों पर कोई नजर नहींं आ रहा है।
हैदराबाद का हिमायत नगर भी पूरी तरह सूना है। सड़कोंं पर एक भी वाहन नजर नहीं आ रहा है।
कर्नाटक: बंगलूरू के मैजेस्टिक बस अड्डे का नजारा।
वाराणसी में जनता कर्फ्यू का असर। हर तरफ सन्नाटा पसरा है।
मध्यप्रदेश में जनता कर्फ्यू
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित ‘जनता कर्फ्यू’ के मद्देनजर मध्यप्रदेश की सड़कें रविवार सुबह से सुनसान रहीं और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा रहा। ‘जनता कर्फ्यू’ के तहत सड़कें सुनसान हैं। यहां तक कि सुबह टहलने जाने वाले लोग भी समूचे प्रदेश में अपने घरों से बाहर नहीं निकले । पार्क, स्टेडियम और मैदान में भी लोग घूमने, व्यायाम करने और टहलने के लिए नहीं आए। सड़कों के किनारस्थित दुकानें और भोजनालय भी बंद रहे। ये तस्वीरें मध्यप्रदेश के रतलाम की हैं।