प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए साल के पहले दिन देश के लोगों से जनमन सर्वेक्षण में भाग लेने की अपील की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनमन सर्वे में हिस्सा लेकर पिछले 10 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में भारत ने जो तरक्की की है, उसके बारे में जो कुछ भी सोचते हैं, सीधे उन्हें बताएं। नमो एप पर 19 दिसंबर को इस सर्वे के जरिये प्रधानमंत्री ने लोगों से अपनी सरकार और सांसदों का रिपोर्ट कार्ड मांगना शुरू किया है।
इस सर्वे को आगामी आम चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इस सर्वे के जरिये प्रधानमंत्री को लोग सीधे तौर पर बता पाएंगे कि उनके सांसद का प्रदर्शन कैसा रहा है। इसके अलावा केंद्र सरकार की किन-किन योजनाओं का वे लाभ ले रहे हैं।