सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद पोंगल के मौके पर शनिवार को तमिलनाडु के अवनियापुरम में जल्लीकट्टू का आयोजन किया गया। अगले दो दिनों में पलामेदु और अलंगनल्लूर में इसका आयोजन होने वाला है। जल्लीकट्टू के आयोजन को लेकर लोगों ने शनिवार को इस खेल पर प्रतिबंध के विरोध में आंदोलन की शुरुआत करते हुए केंद्र एवं तमिलनाडु सरकार पर दबाव बनाया। कुल 149 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
जल्लीकट्टू पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के बाद इस खेल के धुर समर्थक लोग इसके आयोजन का रास्ता साफ करने के लिए अध्यादेश लाने की मांग कर रहे हैं। इन समर्थकों के साथ प्रमुख राजनीतिक दल भी हैं।
पुलिस ने बताया कि अलंगनल्लूर में रेल रोको प्रदर्शन में शामिल 68 ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया गया। अवनियापुरम बस स्टैंड के निकट फिल्म निर्देशक गौतमन की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे कई नौजवानों को हिरासत में लिया गया।