नल से पानी से भरतीं महिलाएं (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
देश के 21 हजार से ज्यादा गांवों में जल्द हर घर नल से जल आने लगेगा। ये ऐसे गांव हैं, जहां 90 फीसदी से ज्यादा घरेलू नल जल कनेक्शन पूरे हो चुके हैं। अब केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने सभी राज्यों से इन गांवों में प्राथमिकता के आधार पर इस महीने के अंत तक 100 फीसदी कवरेज सुनिश्चित करने के लिए कहा है। मंत्रालय के अनुसार इस काम की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी।
जल जीवन मिशन केंद्र सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है, जिसे राज्यों की साझेदारी में लागू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वर्ष 2024 तक प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नल कनेक्शन द्वारा जल उपलब्ध कराया जाना है। इस मिशन ने दो वर्षों से भी कम समय में और कोरोना महामारी के बावजूद 4.17 करोड़ से ज्यादा घरों को नल-जल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के अनुसार 61 जिलों, 731 ब्लॉकों और 89 हजार से ज्यादा गांवों को 'हर घर जल' बनाया जा चुका है, यानी इन क्षेत्रों में 100 फीसदी घरों में नल-जल आपूर्ति की जा रही है, जिसके कारण देश में 7.41 करोड़ से ज्यादा (38.6%) ग्रामीण परिवारों को अपने घरों में पीने योग्य नल जल प्राप्त हो रहा है।
दरअसल, प्रत्येक घर में सुनिश्चित नल जल आपूर्ति का प्रावधान ग्रामीण समुदायों के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’ लेकर आता है, विशेषकर महिलाओं के लिए जो दूर-दराज से पानी लाती हैं। घर में उपलब्ध सुरक्षित पानी लोगों को नियमित रूप से हाथ की सफाई का अभ्यास करने और सार्वजनिक स्थलों पर कतारों से बचते हुए शारीरिक दूरी का पालन करने में भी सहायता प्रदान करता है, जो कि कोरोना के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण उपाय है।