एक जून यानी शनिवार को सातवें चरण के मतदान के साथ ही लोकसभा चुनाव 2024 की मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। उसके बाद शाम को करीब साढ़े छह बजे से एग्जिट पोल जारी होने शुरू हो गए। लोकसभा चुनाव के नतीजे चार जून को घोषित किए जाएंगे। नतीजों से पहले अलग-अलग मीडिया चैनलों और सर्वे एजेंसियों की तरफ से एग्जिट पोल जारी किए। तीन सर्वे में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 400 या उससे ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान जताया गया। अब एग्जिट पोल के आंकड़ों को विपक्षी गठबंधन के दलों ने मानने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि यह सब एक सोची समझी साजिश है। वहीं, भाजपा का कहना है कि लोगों को मोदी जी की गारंटी पर दृढ़ विश्वास है।
तीसरी बार सत्ता में बने रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी
एग्जिट पोल के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता में बने रहेंगे और लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत एनडीए को भारी बहुमत मिलने की उम्मीद है।
इंडी गठबंधन कम से कम 295 सीटें जीतेगा
एग्जिट पोल पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, 'मौजूदा प्रधानमंत्री ने पहले ही ट्वीट तैयार करके रखा होगा। जिस शख्स का चार जून को जाना तय है उसी ने यह सब साजिश रची है। यह एग्जिट पोल तैयार किया है। एग्जिट पोल और चार जून के नतीजों में जमीन-आसमान का फर्क होगा। यह सिर्फ मनोवैज्ञानिक खेल है। हमारा हौसला कमजोर करने के लिए यह किया जा रहा है। इंडी गठबंधन की कल एक बैठक हुई। हमने आंकड़ों पर विस्तार से चर्चा की और मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि इंडी गठबंधन कम से कम 295 सीटें जीतेगा और एग्जिट पोल पर विश्वास करना बिल्कुल गलत है।'
उन्होंने आगे कहा कि यह सब कठपुतलियां है और कठपुतलियों के मास्टर जो बैठे हैं, उन्होंने यह सब कराया है। मौजूदा गृह मंत्री अमित शाह डीएम और कलेक्टरों से बात करते हैं। यह सब गैर संवैधानिक है।
एग्जिट पोल कॉरपोरेट गेम' और धोखाधड़ी
यूबीटी शिवसेना के सांसद संजय राउत ने रविवार को एग्जिट पोल को 'कॉरपोरेट गेम' और धोखाधड़ी करार दिया। उन्होंने दावा किया कि एग्जिट पोल चलाने वाली मीडिया कंपनियों पर दबाव है।
राज्यसभा सदस्य ने यह भी दावा किया कि विपक्षी इंडी गठबंधन 310 में से 295 सीटें जीतेगा और सरकार बनाएगा। राउत ने यह भी कहा कि उन्हें एग्जिट पोल की जरूरत नहीं है क्योंकि वे जमीनी स्तर पर काम करते हैं और मौजूदा स्थिति को जानते हैं।
उन्होंने कहा, 'इन मीडिया कंपनियों पर बहुत दबाव है। एग्जिट पोल की कवायद कॉरपोरेट गेम और धोखाधड़ी है।' उन्होंने पूछा, 'क्या ये कंपनियां मुफ्त में एग्जिट पोल करती हैं?'
शिवसेना नेता ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन 295 से 310 सीटें जीतेगा। यह एग्जिट पोल नहीं है बल्कि आंकड़े जनता के सर्वेक्षण के जरिए लिए जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी, जिसमें उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार नीत राकांपा (सपा) शामिल हैं, कुल 48 सीटों में से 35 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
उन्होंने कहा, 'शिवसेना 2019 के अपने 18 सीटों के आंकड़े को बनाए रखेगी। वहीं कांग्रेस और एनसीपी भी अच्छा प्रदर्शन करेंगी। एनसीपी एसपी की नेता और लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले बारामती में 1.5 लाख से अधिक मतों से जीतेंगी और कांग्रेस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी।'
हमें एग्जिट पोल की जरूरत नहीं
उन्होंने आगे कहा, 'उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, कर्नाटक से देश में महाराष्ट्र के साथ बदलाव आएगा। हमें एग्जिट पोल की जरूरत नहीं है, हम मैदान पर काम कर रहे हैं। हम जमीनी आंकड़ों को समझते हैं। इंडिया ब्लॉक उत्तर प्रदेश में 80 में से 35 सीटें जीतेगा और राष्ट्रीय जनता दल (लालू प्रसाद की अध्यक्षता वाला) बिहार में 40 में से 16 सीटें जीतेगा।'
लोगों को मोदी जी की गारंटी पर दृढ़ विश्वास
भाजपा नेता सीआर केसवन ने कहा, 'एग्जिट पोल से संकेत मिलता है कि हमारे लोगों ने पीएम मोदी को स्वतंत्र भारत में जन्मे पहले भारतीय बनने का आशीर्वाद दिया है, जो लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक रूप से भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे। यह भी बहुत स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि हमारे लोगों को मोदी जी की गारंटी पर दृढ़ विश्वास है। एग्जिट पोल मोदी जी के निस्वार्थ और दृढ़ नेतृत्व में हमारे लोगों का दृढ़ विश्वास दर्शाता है। एग्जिट पोल जनादेश बहुत स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि भाजपा और पीएम मोदी को पूरे देश और सभी वर्गों से समर्थन मिला है। साथ ही, एग्जिट पोल जनादेश बहुत स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि लोगों ने अवसरवादी कांग्रेस-भारत गठबंधन की ध्रुवीकरण और विभाजन की प्रतिगामी राजनीति को कैसे पूरी तरह से नकार दिया है।'
इस बार हम 400 पार करेंगे
एग्जिट पोल पर हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अनिल विज ने कहा, 'एग्जिट पोल ट्रेंड को दिखाते हैं और वो सबने दिखा दिया है कि भाजपा की सरकार बनने जा रही है और आंकड़ा कितना है...लेकिन असली आंकड़ा हम बताएंगे जिन्होंने चुनाव लड़ा है। इस बार हम 400 पार करेंगे...हम हरियाणा में भी 10 की 10 सीटें जीतेंगे।'
एएमएमके महासचिव और थेनी से उम्मीदवार टीटीवी दिनाकरण ने कहा, 'हर कोई इस सच्चाई को जानता है कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।' भाजपा सांसद और गोड्डा लोकसभा सीट से उम्मीदवार निशिकांत दुबे ने कहा, 'कल उन्होंने (राहुल गांधी) कहा था कि वे 295 सीटें जीत रहे हैं लेकिन यह नहीं बताया कि इसमें वायनाड और रायबरेली शामिल हैं या नहीं। राहुल गांधी खुद चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं। पिछले दो लोकसभा चुनावों से कांग्रेस के पास एक भी नेता का नेता नहीं है। इस बार उन्हें 50 से कम सीटें मिलेंगी।'
मैं एग्जिट पोल में विश्वास नहीं करता
कर्नाटक के गृह मंत्री और कांग्रेस नेता जी परमेश्वर ने कहा, 'मैं एग्जिट पोल में विश्वास नहीं करता, केवल चुनिंदा मीडिया ने एग्जिट पोल दिए हैं। कर्नाटक में हमारे सर्वेक्षण के अनुसार, हम 17 से अधिक सीटें जीतेंगे और हमें कर्नाटक में दोहरे आंकड़े के परिणाम मिलेंगे। कल हमारे अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि हमें 295+ सीटें मिलेंगी, यह लोगों का सर्वेक्षण है, इसलिए हम एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं करते हैं।'
डीएमके प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा, 'सभी प्रमुख मीडिया घरानों द्वारा कल प्रकाशित किए गए एक्जिट पोल जिसमें भाजपा को 350 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था, एक घोटाला और दिखावा है। वे एक धारणा बनाना चाहते हैं कि भाजपा जीत रही है... इंडिया गठबंधन करीब 295 सीटें जीत रहा है... हमने जोर देकर कहा है कि पहले डाक मतपत्रों की गिनती होनी चाहिए। चार जून को हमें पता चल जाएगा कि कौन जीतने वाला है और वह इंडी गठबंधन होगा।'
सरकार के लिए फर्जी पोल
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल कहते हैं, 'हमने अपने पीसीसी अध्यक्षों, सीएम, प्रभारियों और उम्मीदवारों से चर्चा की है, वे सभी बहुत आश्वस्त हैं. यह एग्जिट पोल सरकार के लिए फर्जी पोल है। इंडी गठबंधन को 295 सीटें मिलेंगी और निश्चित रूप से सरकार बनाएगी।'
उन्होंने आगे कहा कि इस देश में केवल एक गारंटी काम करती है - मोदी की गारंटी। अगर पीएम मोदी ने कहा '400 पार', तो इसका मतलब है कि यह '400 पार' होगा। हम 400 के पार जा रहे हैं। हर जगह गणना के बाद, मुझे लगता है कि भाजपा 418-420 के आसपास जीत जाएगी।