नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ आंदोलन करने के चलते जेल में बंद सामाजिक कार्यकर्ता अखिल गोगोई असम की सिबसागर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वह नवगठित रायजोर दल के उम्मीदवार के तौर पर किस्मत आजमाएंगे।
रायजोर दल के कार्यकारी अध्यक्ष भास्को डे सैकिया ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष गोगोई सिबसागर से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने पहले दो चरणों के लिए 17 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पहले चरण में पार्टी 12 और दूसरे चरण में छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पहले चरण की एक सीट के लिए अभी प्रत्याशी का एलान नहीं किया गया है।
सैकिया ने कहा कि हमने केवल 17 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है ताकि वोटों का बंटवारा न हो और भाजपा को हराया जा सके जिससे प्रदेश में सीएए विरोधी सरकार का गठन हो सके।
गोगोई पर दिसंबर 2019 में सीएए विरोधी आंदोलन के चलते यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया था और वह उस वक्त से ही न्यायिक हिरासत में हैं। 126 सदस्यीय असम विधानसभा के चुनाव तीन चरणों में होंगे।