जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को सीआरपीएफ के संयुक्त दल पर आतंकवादियों ने ग्रेनेड हमला किया। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हमला त्राल स्थित एक बस स्टैंड के करीब अंजाम दिया गया जिसमें कुल 9 जवानों के घायल होने की खबर है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग भी की। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है।
बता दें कि इससे पहले अनंतनाग जिले में आज सुबह सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में इस्लामिक स्टेट जम्मू-कश्मीर (आईएसजेके) के सरगना सहित चार आतंकी ढेर हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों और सुरक्षबलों के बीच श्रीगुफवारा में एक गांव में मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी और एक आम नागरिक की मौत हो गई। पुलिस ने मारे गए एक आतंकवादी की पहचान दाऊद के रूप में की है। वह आईएसजेके का प्रमुख था। यह संगठन आईएसआईएस से जुड़ा हुआ है। मुठभेड़ में घायल तीन आम नागरिकों की हालत नाजुक बताई गई है।