यूनीटेक कंपनी के एमडी संजय चंद्रा और उनके भाई अजय को तिहाड़ जेल में मिल रही लग्जरी सुविधाएं चर्चा का विषय बनी हुई हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल कर रहे हैं कि जब सभी सुविधाएं जेल में मिल रही हैं तो फिर सजा किस बात की। अब इन्हीं सुविधाओं के चलते सुप्रीम कोर्ट ने भी नाराजगी जताई है। सुप्रीम कोर्ट ने सवाल किया कि क्या जेल में अपराधियों के साथ समानांतर व्यवस्था चल रही है?
बता दें कि पिछले हफ्ते हाईकोर्ट के सेशन जज की एक रिपोर्ट आई थी। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि संजय और अजय को जेल में टीवी, कंप्यूटर, अलग ऑफिस और अन्य सुविधाएं जी जा रही हैं। इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या भ्रष्टाचार के आरोपियों को जेल में विशेष सुविधाएं मिलना सही है?'
पोल के जवाब में हमें कुल 3,481 वोट मिले। इनमें 10.86 फीसदी (378 वोट) पाठकों ने माना कि हां भ्रष्टाचार के आरोपियों को जेल में विशेष सुविधाएं मिलना सही है, जबकि 89.14 फीसदी (3,103 वोट) पाठकों ने माना कि भ्रष्टाचार के आरोपियों को जेल में विशेष सुविधाएं मिलना सही नहीं है।