आयकर विभाग ने नोटबंदी के बाद देशभर में काले धन के खिलाफ अभियान के दौरान 5,343 करोड़ रुपये से अधिक की अघोषित आय का पता लगाया है। इस दौरान 114 करोड़ रुपये के नए नोट जब्त किए गए हैं, जो गैरकानूनी तरीके से हासिल किए गए थे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नोटबंदी के पूरे दो महीने बाद आयकर विभाग ने कुल 1,156 छापेमारी, सर्वे और जांच की। इस दौरान विभाग ने कर चोरी तथा हवाला जैसे सौदों के मामले में 5,184 इकाइयों को नोटिस जारी किए। आयकर विभाग ने इस दौरान 611.48 करोड़ रुपये की नकदी तथा आभूषण भी जब्त किए।
इनमें 114.1 करोड़ रुपये के नए नोट हैं। इनमें भी ज्यादातर 2,000 के नोट हैं। सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रव्यापी अभियान के दौरान 8 जनवरी तक 5,343.29 करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता लगाया गया है। काले धन के खिलाफ आयकर विभाग का अभियान अभी जारी है। इस दौरान आयकर विभाग ने कुल 535 मामलों को सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के हवाले किए।