भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) 2021 में अपने पहले मिशन के हत 28 फरवरी को ब्राजील के सैटेलाइट अमेजोनिया-1 और तीन भारतीय पेलोड को लॉन्च करेगा।
इनमें से एक पेलोड भारतीय स्टार्टअप ने बनाया है। इन सैटेलाइट को चेन्नई से 100 किलोमीटर दूर श्रीहरिकोटा स्पेस पोर्ट से सुबह 10.24 बजे पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (पीएसएलवी) सी-51 के जरिये लॉन्च किया जाएगा।
इसरो के अध्यक्ष के सिवन ने शुक्रवार को कहा, लॉन्च होने वाला पहला पेलोड अमेजोनिया-1 है। यह धरती पर नजर रखने वाला ऐसा पहला उपग्रह है जिसका निर्माण पूर्ण रूप से ब्राजील ने किया है।
इसके अलावा लॉन्च होने वाले भारतीय पेलोड के नाम हैं, आनंद, सतीश धवन और यूनिटीसैट। ‘आनंद’ का निर्माण भारत के अंतरिक्ष स्टार्टअप पिक्सल ने किया है और ‘सतीश धवन सैटेलाइट’ चेन्नई के स्पेस किड्ज इंडिया ने बनाया है। यूनिटीसैट तीन उपग्रहों का मेल है। यह मिशन हमारे लिए और पूरे देश के लिए बेहद खास है। यह अंतरिक्ष क्षेत्र में सुधारों के नए दौर की शुरुआत करेगा।